सिरसा। केंद्रीय परिवहन और राज्य मार्ग मंत्री नितिन गडकरी सोमवार को सिरसा एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मुस्तैद हो गया। वहीं सूचना मिलने पर पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता उनके स्वागत के लिए एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे। 15 मिनट रुकने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गोगामेड़ी में जाहरवीर गोगा के दर्शन करने के लिए हेलिकॉप्टर से गए। वहां पर उन्होंने दर्शन किए और दोपहर बाद सिरसा एयरपोर्ट से राजस्थान के लिए रवाना हुए।
बता दें कि राजस्थान में गोगामेड़ी में धार्मिक स्थल होने के चलते यहां पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें शामिल होने के लिए केंद्रीय परिवहन और राज्य मार्ग मंत्री नितिन गडकरी पहुंचे। हालांकि इसके पश्चात राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। वहीं नितिन गडकरी के सिरसा में पहुंचने की सूचना मिलने के बाद यहां के आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। उपायुक्त पार्थ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण और अन्य अधिकारी भी एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे हुए हैं।
पूर्व विधायक ने किया स्वागत
नितिन गडकरी का सिरसा एयर फोर्स स्टेशन पर उनका स्वागत करने के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज व बलकौर सिंह, बीजेपी हरियाणा के प्रदेश मंत्री सुरेंद्र आर्य, भाजपा नेता गोबिंद कांडा, प्रदीप रातुसरिया पहुंचे।