संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा/गोरीवाला। डबवाली क्षेत्र के गांव सावंत खेड़ा और चोपटा क्षेत्र में गांव ढुकड़ा में रविवार देर रात को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पहले मामले में रविवार रात करीब नौ बजे बी ब्लॉक निवासी कर्ण अपने दोस्त सोनू और ओमप्रकाश के साथ बाइक पर जमाल से सिरसा आ रहे थे। गांव ढुकड़ा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे रोड पर गिर गए। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने जांच कर 35 वर्षीय ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
चार बहनों का इकलौता भाई था रवि शंकर
गांव सावंत खेड़ा के खेल स्टेडियम के गेट के पास नेशनल हाईवे पर दीवानखेड़ा निवासी 24 वर्षीय रवि शंकर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और एंबुलेंस से घायल को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दिहाड़ी मजदूरी करता था। वह चार बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने मृतक की मां के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।