संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली (सिरसा)। शहर के चौटाला रोड पर एक गेस्ट हाउस को रंग-रोगन करते समय हाईटेंशन लाइन के हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर होटल संचालक राकेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि परिजनों ने होटल संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष जताते हुए शवों को लेने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पंजाब क्षेत्र स्थित वाटर वर्कर्स एरिया मंडी किलियांवाली निवासी 32 वर्षीय सोनू ने अपने साथी 28 वर्षीय आकाश, विजय, शंभू और चिमन लाल के साथ मिलकर शर्मा गेस्ट हाउस के भवन को रंग-रोगन करने का एक लाख दस हजार रुपये का ठेका लिया था। चिमन लाल के मुताबिक वे गेस्ट हाउस में रंग कर रहे थे। भीतर का कार्य समाप्त हो गया और मंगलवार को सुबह दस बजे उन्होंने सामने के हिस्से में रंग करना शुरू किया। ऊपरी मंजिल पर लगे भारी साइन बोर्ड को हटाते समय सोनू व आकाश हाईटेंशन लाइन के हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इसके बाद अन्य कारिंदों ने उन्हें घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां पर जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन मौके पर पहुंचे। शहर थाना पुलिस के जांच अधिकारी राम कुमार ने बताया कि मृतक आकाश के भाई सन्नी के बयान के आधार पर गेस्ट हाउस के संचालक राकेश शर्मा के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक सोनू व आकाश दोनों ही विवाहित थे। सोनू पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसका 11 वर्षीय बेटा व 8 वर्षीय बेटी है। दोनों ही एमएसडी हाई स्कूल में पढ़ते हैं। मृतक आकाश के भी दो बच्चे हैं। बड़े बेटे की आयु चार वर्ष तथा छोटी बेटी मात्र छह माह की है। आकाश का एक बड़ा भाई भी है। दोनों युवक रंग-रोगन करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। अब दोनों के घरों और मोहल्ले में मातम पसरा है।
हादसे में सामने आई लापरवाही
डबवाली। मंगलवार की सुबह करंट की चपेट में आने से हुई दो युवकों की मौत का हादसा इस बात की ओर इंगित करता है कि बिजली की बेतरतीब ढंग से लटक रहे तारों से कभी भी हादसा हो सकता है। शहर के हर चौक व मोहल्ले बिजली के ताराें व केबल से उलझे और अटे पड़े हैं। शहर की आधी से ज्यादा आबादी का क्षेत्र इस समस्या से प्रभावित है। हादसे में भी लापरवाही सामने आई है। गेस्ट हाउस संचालकों ने विद्युत सप्लाई बंद नहीं करवाई और न ही कोई अन्य सुरक्षा उपकरणों का प्रबंध किया। संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी चाहिए कि वह तुरंत प्रभाव से संज्ञान लें और विभागीय कार्रवाई करें।
सिरसा शहर के 10 से ज्यादा क्षेत्रों में हैं हाईटेंशन तारें, खतरे में 40 हजार से ज्यादा आबादी
शहर के बाहरी इलाकों में स्थित करीब 10 से ज्यादा कॉलोनियों में हाईटेंशन तार गुजरते हैं। 40 हजार से ज्यादा आबादी इन तारों के खतरे में है। शहर के चत्तरगढ़पट्टी एरिया में तो घरों के ऊपर से तार गुजर रहे हैं। इसके अलावा शहर के बेगू रोड, सिविल अस्पताल रोड, हिसार रोड, डबवाली रोड, भारतनगर, शक्तिनगर, मोहंता मार्केट, सरकूलर रोड पर भी हाईटेंशन तार नीचे लटक रहे हैं।
सीधी बात
बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता राजेंद्र सभ्रवाल
सवाल : सर, शहर में हाईटेंशन तारों का खतरा है, क्या इसे लेकर कोई योजना है?
जवाब: अभी तक कोई योजना निगम की ओर से तैयार नहीं की गई है।
सवाल: क्या निगम ने हाईटेंशन तारों को लेकर कोई सर्वे करवाया है?
जवाब: नहीं, अभी तक निगम की ओर से कोई सर्वे नहीं करवाया गया है।
सवाल : क्या आमजन की ओर से आपके कार्यालय में हाईटेंशन तारों को लेकर कोई शिकायत आई हैं?
जवाब : देखिए, अभी तक किसी की भी कोई शिकायत नहीं आई है, जब भी आएगी समाधान कर दिया जाएगा।
सवाल : मंगलवार को डबवाली में बिजली के तारों के कारण एक हादसा हुआ है। उसे लेकर आप क्या कहते हैं।
जवाब : डबवाली में हुए हादसे में बिजली निगम की कोई गलती नहीं है।
सवाल : शहर की कई कॉलोनियों में घरोंं के ऊपर से अभी भी हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। क्या उनके समाधान के बारे में योजना है।
जवाब : आप मुझे जगह बताएं, उसका समाधान कर देंगे।
कानून अपना काम कर रहा है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है और मृतक परिजनों की मांग पर आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। - राजा राम उप निरीक्षक शहर थाना प्रभारी डबवाली।