बडागुढ़ा। बडागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुरिया नियामत खां व गांव कर्मगढ़ में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव फतेहपुरिया नियामत खां निवासी सुनील कुमार ने बताया कि बीते दिन सुबह वह अपनी मां व पिता के साथ घर को ताला लगाकर खेत में कार्य करने के लिए गया था। पीछे से चोर दीवार फांदकर उसके घर में घुसे और कमरे में से दो तोले सोने के आभूषण व तीन हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वहीं, गांव कर्मगढ़ निवासी महिला ईश्वर देवी ने बताया कि वह घर में अकेली रहती है। बीते दिन रात्रि को वह घर में सोई हुई थी। इसी दौरान मौका पाकर चोर उसके घर में घुसे और करीब साढ़े 5 लाख रुपये की नकदी व चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।