सिरसा में पैसों के लेनदेन को लेकर परेशान 23 वर्षीय युवक ने हिसार रोड स्थित निजीहोटल में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने के बाद डिंग थाना पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने पन्नीवाला मोटा निवासी एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा लगाकर मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के पिता बलराज ने बताया कि उसका बेटा अवतार सिंह भोपाल की एक निजी कंपनी में काम करता है। इससे पहले वह फौज में हवलदार भी रह चुका है और एक वर्ष बाद ही उसने त्यागपत्र दे दिया था। उन्होंने बताया कि उसका वह बीते दिन भोपाल से आया था और ओएमएम के होटल में बुक कर के रह रहा था।
22 अक्तूबर को उसकी बेटे अवतार के साथ बातचीत हुई थी और उसने शाम चार बजे बाजार में बुलाया था। वह शाम चार बजे बाजार में पहुंच गए और अवतार को फोन करते रहे, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद वह होटल में पहुंचे और मैनेजर से बातचीत की।
मैनेजर ने बताया कि अवतार तीन बजे के बाद कमरे से बाहर नहीं निकला है। उन्होंने जब होटल का कमरा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा अंदर से लॉक था। इसके बाद उन्होंने दूसरी चाबी से कमरा खोला तो उसका बेटा कमरे के पंखे के साथ लटका हुआ था।
पुलिस ने मृतक के पिता बलराज सिंह के बयान पर गांव पन्नीवाला मोटा निवासी मुकेश कस्वा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उसने बताया कि मुकेश उसके बेटे को पैसों के लेनदेन के मामले में परेशान करता था।
ओएचएम में युवक के फंदा लगाने सूचना मिली थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचा दिया है। मृतक के पिता के बयान पर गांव के युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- अभय कुमार, जांच अधिकारी, डिंग थाना पुलिस।