संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नागरिक अस्पताल का भवन जर्जर हालात में है, जबकि इसकी मरम्मत का काम फाइलों में ही अटका हुआ है। मरम्म्त कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग ने करीब तीन माह पहले ही दो करोड़ 84 लाख की राशि पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को जमा करवा दी है, लेकिन अभी तक टेंडर की प्रक्रिया भी पूर्ण नहीं हो पाई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने मरम्मत कार्य जल्द करवाने को लेकर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को तीसरी बार फिर से पत्र लिखा है।
नागरिक अस्पताल के भवन का उद्घाटन 37 वर्ष पहले हुआ था। अब भवन की स्थिति जर्जर हो चुकी है। भवन के पिलर, ईंटे और सरिए भी बाहर से दिखाई देते है। छत की चहारदीवारी भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके कारण यहां पर कभी भी हादसा होने का डर बना रहता है। बारिश के दौरान नगारिक अस्पताल की छत कई जगह से टपकती रहती है। इसके कारण मरीजों व कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐेसे में भवन की मरम्मत का कार्य करने को लेकर एक वर्ष पहले योजना बनाई गई थी। इसके बाद अभी तक मरम्मत का कार्य करने को लेकर कागजी कार्रवाई ही पूरी नहीं हो पाई है।
नगारिक अस्पताल में हर रोज एक हजार से अधिक मरीजों की ओपीडी होती है। दिनभर मरीजों व उनके परिजनों का आना जाना लगा रहता है। ऐसे में जगह की कमी होने के कारण उनको परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। अस्पताल में 170 बेड लगाए गए हैं। प्रसूता वार्ड में एक बेड पर दो- दो मरीजों को भर्ती किया जाता है। अब गर्मी और उमस के कारण भी मरीजों की परेशानी अधिक बढ़ गई है।
दो वर्ष बीते लेकिन नए भवन की जगह की नहीं हुई तलाश
जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार ने 200 बेड के नए भवन के निर्माण को लेकर करीब दो वर्ष पहले मंजूरी दी थी। नए भवन की जगह की तलाश करने के लिए उपायुक्त सहित अन्य कई अधिकारियों की कमेटी बनाई गई थी, लेकिन अभी तक कमेटी को नए भवन के लिए जगह नहीं मिल पाई है। पुराने भवन में जगह कम होने के कारण मरीजों को भी परेशान होते हैं।
बार-बार टेंडर लगाने की मिलती है जानकारी
भवन की मरम्मत करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले भी पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को पत्र लिखा गया है। इसके अलावा भी कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क किया चुका है। इसमें बार-बार टेंडर लगाए जाने को लेकर जानकारी दी जाती है।
वर्जन
भवन की मरम्मत के लिए करीब तीन माह पहले पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को दो करोड़ 84 लाख रुपये की राशि जमा करवा दी थी। अभी तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसके लिए विभाग को पत्र भी लिखा गया है, ताकि जल्द से जल्द भवन की मरम्मत का कार्य शुरू हो जाए। - संदीप गुप्ता, पीएमओ, नागरिक अस्पताल सिरसा।