डबवाली। महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह से निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त रवैया अपना रहा है। स्कूल वाहनों की जांच में ट्रैफिक पुलिस ने नियमों में लापरवाही बरतने पर 10 स्कूल बसों के चालान काटे। डबवाली यातायात पुलिस प्रभारी सब इंस्पेक्टर राय सिंह ने बताया कि बठिंडा चौक पर नाके लगाकर स्कूल वाहनों की जांच अभियान चलाया गया। जिसके तहत कुछ स्कूल वाहनों में बिना वर्दी हेल्पर व आग बुझाने वाले सिलिंडर का न होना तथा बिना हेल्पर चल रही बस, बीमा, सीट बैल्ट सहित नियमों का पालन न करने के चलते 10 के चालान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों की जांच के लिए चलाया गया अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्कूल बस संचालकों को चेतावनी दी कि हाईकोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशानुसार बसों में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस की दुरुस्त व्यवस्था सहित अन्य नियमों को पूरा नहीं किया गया तो चालान काटे जाएंगे।