सिरसा में जिलास्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में भाग लेते विद्यार्थी।
सिरसा। हरियाणा स्टेट काउंसिल फॉर साइंस, इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी के तत्वावधान में जिलास्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड सिरसा में हुआ। प्रतियोगिता के विजेता 10 विद्यार्थी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिलास्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में 90 विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में वैज्ञानिक लेखन प्रतिभा पैदा करने और युवा मन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा करने के उद्देश्य से करवाई जाती है। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बूटा राम ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि जिलास्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई, सीएसएसई से संबंधित स्कूलों के कक्षा 9वीं से 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाले सभी विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता की अवधि एक घंटा रही। निबंध हिंदी या अंग्रेजी भाषा में 800-1000 शब्दों के अनुरूप लिखा जा सकता था। प्रतियाेगिता में डाइट डिंग से चंद्रप्रकाश, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोडिया खेड़ा से कृष्ण जैन, राजकीय माध्यमिक विद्यालय पीरखेड़ा से सूर्य शर्मा और राजकीय प्राथमिक पाठशाला से ठाकुर प्रसाद ने योगदान दिया।
ये रहा परिणाम
जिलास्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में शीर्ष दस निबंधों का चयन किया गया था। शीर्ष दस विद्यार्थियों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुड़िया खेड़ा से अमित, महाराजा अग्रसेन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा से शर्लिन सोनी, डीएवी पब्लिक स्कूल कालांवाली से रश्मी, नचिकेतन मॉडल स्कूल ऐलनाबाद से साक्षी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा से तमन्ना, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल सिरसा से नैना, दृष्टि गुप्ता व छवि खुराना, राजकीय उच्च विद्यालय शेखुपुरिया से सोनिया और एनसीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कागदाना से संतोष का चयन हुआ है। ये सभी विद्यार्थी राज्यस्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
विद्यार्थियों ने इन विषयों पर लिखे निबंध
पुन: उपयोग करें, कम करें, पुनर्चक्रण करें। पर्यावरण बचाने के उपाए। उत्तरी भारत में फसल जलाने के प्रभाव। जैव विविधता: यह क्यों महत्वपूर्ण है और इसकी सुरक्षा कैसे करें। व्यायाम और स्वास्थ्य।