संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। होली पर जिले में रंग गुलाल उड़ाने के साथ लड़ाई झगड़े के भी मामले सामने आए हैं। ऐलनाबाद और गांव भंभूर में मामूली कहासुनी होने के बाद गुट आपस में भिड़ गए। ऐलनाबाद में तीन नाबालिगों की सात युवकों ने पिटाई की। इसमें एक युवक की हालत गंभीर है। गांव भंबूर में युवकों के बीच मामूली कहासुनी होने के बाद दो गुट आपस में भिड़ गए। इनमें दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। ऐलनाबाद में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नाबालिग गुरप्रीत अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर टिब्बी बस स्टैंड के पास से गुजर रहा था। वहां पर खड़े सात आठ युवकों ने बाइक को धक्का दे दिया। इससे गुरप्रीत व उसके साथी मोटरसाइकिल से गिर गए। ऐसे में युवकों के बीच कहासुनी हो गई। आरोपी युवकों ने तीनों युवकों को डंडे व लाठी पिटाई की। इसमें गुरप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरप्रीत के पिता गुरपाल सिंह ने बताया कि वे ग्ररपीत को ऐलनाबाद के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए लेकर पहुंचा। यहां से उसे सिरसा नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। युवक का निजी अस्पताल में सिर का ऑपरेशन किया गया है। जिसकी हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। ऐलनाबाद थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि शिकायत के आधार पर आठ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे मामले में होली के दौरान गांव भंभूर में मामूली कहासुनी होने के बाद दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी डंडों से वार कर दिया। जिसमें दोनों पक्षों के ही 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच करनी शुरू कर दी है।
तीन बुलेट किए जब्त, 12 के काटे चालान
शहर में धूमधाम से होली मनाई गई। सभी बाजार पूरी तरह से बंद रहे। इस दौरान युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर हुड़दगी बाजी करते हुए भी नजर आए। यातायात पुलिस ने तीन बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। वहीं हुडदंगी करते हुए 12 युवकों की बाइक के चालान भी किए गए हैं।
वर्जन
शांतिपूर्वक ढंग से जिला वासियों ने होली का त्योहार मनाया है। हुड़दंगी करने वाले युवकों के चालान किए गए हैं। शहर में स्थिति सामान्य रही। - धर्म सिंह, यातायात थाना प्रभारी, सिरसा ।