संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर की तीन मुख्य सड़कें बदहाल हैं। यहां से गुजरना जोखिम भरा है, ऐसे में वाहन चालक संभलकर निकले। हम बात कर रहे हैं शहर की डबवाली रोड, रानियां रोड व रानियां बाइपास की। इन तीनों खस्ताहाल सड़कों से हर रोज 70 से 80 हजार वाहन गुजरते हैं, वहीं उड़ती धूल के कारण दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ती है।
कई सालों से डबवाली रोड का एक किलोमीटर के करीब का टुकड़ा सिंगल लेन था। इस कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती थी। साथ ही यहां पर जलनिकासी की समस्या भी बनी हुई थी। ऐसे में इस सड़क को तोड़कर यहां पर बारिश के पानी की निकासी के लिए नाले बनाने व सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया। सड़क को तोड़ दिया गया, लेकिन अभी तक इसका निर्माण नहीं किया गया है। बीएंडआर विभाग की ओर से डिवाइडर के साथ सड़क का दोहरीकरण किया जाना है। इस पर करीब एक करोड़ पांच लाख रुपये खर्च होने है। इसके साथ ही रोड पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जानी हैं।
यही हाल रानियां रोड का है। यहां पर सड़क का बड़ा हिस्सा टूटा हुआ है। जिससे सारा दिन धूल व मिट्टी उड़ती रहती है, जो दुकानों व लोगों के घरों में जाती है। यहां के दुकानदार राकेश, हरिओम, शिवकुमार, सीताराम शर्मा ने बताया कि पूरा दिन वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर धूल मिट्टी उड़ती रहती है और लोगों को परेशानी होती है। यही नहीं सड़क पर गड्ढ़े होने के कारण कई बार वाहन की हिचकोले खाते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है।
अब बात करें रानियां बाइपास की तो यहां पर सड़क टूटी होने के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह रोड ओटू हेड से चक्का गांव के बाद रानियां शहर पहुंचता है। इस मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क टूट चुकी है और वाहनों को भी नुकसान हो रहा है। रानियां से प्रतिदिन सिरसा ट्रेडिंग के लिए आने वाले राकेश कुमार ने बताया कि वह कार से प्रतिदिन सफर करते हैं। रानियां बाइपास के पास सड़क काफी खराब है, जिससे उनके वाहन को भी नुकसान हो रहा है।
डबवाली रोड का कार्य आचार संहिता के बाद शुरू कर दिया गया है और इसमें तेजी लाई गई है। रानियां रोड व रानियां बाइपास पर जो सड़क का हिस्सा टूटा हुआ है, उसको भी जल्द तैयार कर दिया जाएगा। - संजय सभ्रवाल, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग