सिरसा। नागरिक अस्पताल में सड़क हादसे में घायल मरीज को निजी अस्पताल में ले जाने को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब सिविल सर्जन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। सीएमओ की ओर से मामले की जांच करने के लिए दो सदस्य कमेटी का गठन किया गया है। तीन दिनों में कमेटी जांच कर मामले की रिपोर्ट सीएमओ को सौंपगी।
बता दे कि बीते दिन गांव कोटली के पास सड़क हादसा होने के बाद राहगीर घायल को लेकर नागरिक अस्पताल में लेकर गए थे। यहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद अस्पताल की ओर से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया था। जिसके पश्चात इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें मरीज को रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस में खड़ा ईएमटी उनके परिजनों को निजी अस्पताल में मरीज को ले जाने की सलाह दे रहा है। जिसमें वह कह रहा है कि घायल की हालत गंभीर है। जो अग्रोहा नहीं पहुंच पाएगा। मामले की सूचना सीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार भांभू के पास पहुंची तो उन्होंने मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसमें उप सिविल सर्जन डॉ. बुधराम सहित दो अधिकारियों की कमेटी गठित की है। कमेटी की ओर से मामले की जांच की जाएगी और पीड़ित परिवार के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। ताकि मामले की जानकारी मिल सके कि उन्हें कर्मचारी निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा है या वह अपनी मर्जी से उसे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे है। बता दे कि पहले भी कमीशन के चक्कर में निजी अस्पतालों में मरीजों को ले जाने के मामले सामने आते रहे हैं।
निजी अस्पताल में मरीज को ले जाने को लेकर एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसकी अब जांच की जाएगी। इसके लिए दो सदस्य कमेटी का गठन कर दिया है। कमेटी मामले की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट सौंपेंगी।
-डॉ. महेंद्र कुमार, भादू, सिविल सर्जन, सिरसा।