उपायुक्त पार्थ गुप्ता अपने कार्यालय कक्षा में अधिकारियों की बैठक लेते हुए।
सिरसा। लघु सचिवालय में उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक की। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिले में आवश्यक सुविधाओं की आपूर्ति सूचारू रहे। आमजन को तेल, गैस, बिजली, पेयजल, दवाइयां, खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति में कोई परेशानी न हो। संबंधित विभाग प्रतिदिन स्टॉक की रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य व बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले में पेयजल व बिजली की सुचारू सप्लाई सुनिश्चित करें। यदि कहीं भी समस्या आ रही है तो मौके पर अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर समाधान करवाएं। उन्होंने ड्रग कंट्रोल अधिकारी से जिले में दवाइयों की जानकारी ली। मेडिकल संचालकों को निर्देश दें कि जरूरी दवाओं निर्धारित दाम ही लें। यदि कोई मेडिकल संचालक दवाओं के अधिक दाम ले रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में जरूरी दवाओं का स्टॉक सुनिश्चित करें और इसकी रिपोर्ट नियमित तौर पर उपायुक्त कार्यालय में भिजवाएं। उन्होंने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि वे अलर्ट रहते हुए तेल व गैस एजेंसियों के लगातार संपर्क में रहें और सेल्स ऑफिसर व प्रधान से प्रतिदिन गैस व तेल की खपत व आपूर्ति की रिपोर्ट लें। उपायुक्त ने स्थानीय स्तर पर अस्थायी इंटरनेट की व्यवस्था करवा कर राशन वितरित करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा राशन से संबंधित समस्या के निवारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
उपायुक्त ने डीएमईओ को निर्देश दिए कि वे बाजार में फल व सब्जियों की आपूर्ति सुनिश्चित करें। नागरिक जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के दूरभाष नंबर 01666-248422 व एलपीजी गैस से संबंधित समस्या के निवारण के लिए ऑडिटर राजबीर के मोबाइल नंबर 91381-00005 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा फल व सब्जियों की आपूर्ति के संबंध में समस्या के निवारण के लिए नागरिक 74002-52297 पर भी संपर्क कर सकते हैं।