संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पंजुआना से शहर के चत्तरगढ़पट्टी जलघर तक डाली जाने वाली 28 इंची पाइप लाइन का काम आठ किलोमीटर तक लंबे समय से अटका पड़ा है। अब जनस्वास्थ्य विभाग ने दोबारा से टेंडर लगाकर नए ठेकेदार को काम सौंपने का निर्णय लिया है। पुराने ठेकेदार की ओर से पंजुआना जलघर से लेकर खैरेका तक ही करीब 3800 मीटर ही पाइप लाइन डाली गई थी। काम पूरा होने के बाद शहरवासियों को स्वच्छ पानी की सप्लाई मिलने लगेगी।
शहर में करीब छह लाख की आबादी है, जिसमें से शहर की आधी कॉलोनियों में अभी भी 117 ट्यूबवेलों के माध्यम से पानी दिया जा रहा है। वर्ष 2017-18 में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से पंजुआना जलघर का निर्माण करने के बाद पूरे शहर को आरो का पानी देने का प्लान बनाया था। करीब 16 करोड़ की लागत से पंजुआना जलघर और शहर तक पाइप लाइन डालने का टेंडर लगाया गया था। अभी तक पुरानी पाइप लाइन से शहर के मुख्य जलघरों में पानी पहुंचाया जा रहा है। इसके पश्चात इसे मोटरों के माध्यम से घरों पाइप से सप्लाई दी जा रही है। अभी भी शहर की आधी आबादी को 117 ट्यूबवेलों के माध्यम से पानी की सप्लाई दी जा रही है।
पानी का टीडीएस अधिक होने और खारा होने के चलते लोग भी इसके कारण बीमार पड़ रहे है। ठेकेदार की ओर से जलघर का निर्माण करने के बाद पाइप लाइन डालने का काम शुरू किया गया था। छह वर्ष बीते के बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया। अधिकारियों और ठेकेदार में विवाद होने के लिए चलते ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। हालांकि कुछ समय पहले ठेकेदार की मौत हो गई। पुराने ठेकेदार की ओर से पंजुआना जलघर से लेकर खैरेका तक करीब 3800 मीटर पाइप लाइन डालने का काम किया गया है। अभी भी आठ किलोमीटर दूरी का काम अधर में ही लटका पड़ा है। नतीजतन विभाग ने नए ठेकेदार से काम करवाने को लेकर दोबारा से टेंडर लगाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है।
अधिक टीडीएस के कारण शहरवासी कई बार कर चुके हैं प्रदर्शन
शहर के आधे हिस्से में लघु सचिवालय स्थित जलघर, पंजुआना और चत्तरगढ़पट्टी स्थित जलघर से सप्लाई दी जा रही है, जबकि आधा हिस्सा अभी भी ट्यूबवेलों का पानी पीने को मजबूर हो रहा है। इन ट्यूबवेलों का पानी खारा होने और अधिक टीडीएस होने के कारण शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नहरी पानी दिए जाने की मांग को लेकर शहरवासी कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
48 सैंपलों की आई रिपोर्ट, नहीं पाई पानी में कोई कमी
बारिश के बाद घरों में दूषित पानी की सप्लाई होने की शिकायत के बाद जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से अब तक कुल 72 सैंपल लिए गए थे, जिनमें से अब 48 पानी के सैंपलों की रिपोर्ट भी सही पाई गई है। हालांकि पहले आए 18 सैंपलों की रिपोर्ट में एक सैंपल ही फेल पाया गया था। वहीं, अब विभाग की ओर से 16 नए सैंपल शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से भरे गए हैं, जिनकी अभी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।
वर्जन
पुराने ठेकेदार ने पंजुआना से खैरेका तक पाइप लाइन डाली है। अभी पुरानी पाइप लाइन से पानी की सप्लाई शहर तक पहुंचाई जा रही है। नई पाइप लाइन का अधर में लटका हुआ काम दूसरे ठेकेदार को देने के लिए टेंडर लगाया जाएगा, ताकि शहरवासियों को आरो के पानी की सप्लाई की जा सके ।
सुरेश कुमार , जेई, जन स्वास्थ्य विभाग, सिरसा ।