सिरसा। शहर के बाहर एडिशनल अनाज मंडी तैयार करने के लिए मार्केटिंग बोर्ड की ओर से दो चरणों में काम करवाया जाएगा। पहले चरण में 124 करोड़ रुपये की लागत से 31 एकड़ में विकास कार्य करवाया जाएगा। इसमें सब्जी मंडी, अनाज मंंडी की सड़क व कुछ हिस्से का निर्माण करवाया जाएगा। इसके बाद 25 एकड़ में दूसरे चरण में काम होगा। बोर्ड ने इसका एस्टीमेट बनाकर हेड ऑफिस पंचकूला भेज दिया है।
शहर से बाहर चत्तरगढ़पट्टी क्षेत्र में बाईपास रोड के साथ 56.63 एकड़ में नई एडिशनल अनाज मंडी बनाई जानी है। इसमें 33.63 एकड़ में एडिशनल अनाज मंडी, 10.26 एकड़ में सब्जी मंडी और 7.71 एकड़ में लक्कड़ मंडी तैयार होगी। वहीं 5.04 एकड़ अभी रिजर्व रखा गया है। मंडी तैयार करने के लिए मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से पहले चरण में 31 एकड़ में विकास कार्य करवाया जाएगा। इसमें मंडी के शेड, सड़क, अनाज रखने के लिए बेड सहित अन्य निर्माण कार्य करवाया जाना है। हालांकि मंडी में दुकानों का निर्माण आढ़तियों की ओर से ही करवाया जाना है। पहले चरण का काम पूरा होने के बाद दूसरे चरण में शेष रहने वाली करीब 25 एकड़ में निर्माण कार्य कराया जाएगा। मार्केटिंग बोर्ड ने इसका एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय पंचकूला भेजा है। विभाग की ओर से 124.81 लाख की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा।
रजिस्ट्री करवा मार्केटिंग बोर्ड ने जमीन पर लिया कब्जा
शहर से अनाज मंडी, लक्कड़ मंडी और सब्जी मंडी को नई एडिशनल अनाज मंडी में शिफ्ट करने के लिए मार्केटिंग बोर्ड की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से करीब दो वर्ष पहले चत्तरगढ़पट्टी क्षेत्र में 56 एकड़ की जगह का चयन किया गया था। इसमें मीरपुर, झोपड़ा, नेजाडेला और चत्तरगढ़पट्टी की जमीन को प्रशासन ने खरीदा। ऐसे में अब इस जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बाद मार्केटिंग बोर्ड ने उस पर कब्जा भी ले लिया है।
अनाज मंडी में 207 व सब्जी मंडी में बनेगी 100 दुकानें
नई एडिशनल अनाज मंडी में आढ़तियों के लिए 207 दुकानें बनाई जाएंगी। इसमें खुली जगह और बड़े शेड होने से किसानों और आढ़तियों को लाभ मिलेगा। सब्जी मंडी में 17 बूथ और 100 दुकानें बनाई जाएंगी। लक्कड़ मंडी में 18 बड़े बूथ बनाए जाएंगे। इसके लिए मार्केटिंग बोर्ड की ओर से पहले ही नक्शा तैयार कर मुख्यालय में भेजा गया था। इसका अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
अनाज मंडी में भी चल रहे है विकास कार्य
शहर में पहले ही 48 एकड़ में फैली अनाज मंडी में भी पुराने थड़ों को ऊंचा उठाने सहित अन्य कार्य करवाए जा रहे हैं। बारिश के दिनों में पुराने थड़ों पर बारिश का पानी जमा होने के बाद मार्केटिंग बोर्ड ने यहां पर नए ऊंचे थड़े बनाए हैं। वहीं शेड की खराब चादरों को भी बदलकर नई चादरों को डाला गया है। ताकि किसानों की फसलों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।
वर्जन
एडिशनल अनाज मंडी का निर्माण कार्य दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 31 एकड़ में निर्माण कार्य करवाया जाएगा। इसमें सड़कें, सब्जी मंडी व एडिशनल अनाज मंडी के कुछ हिस्से का निर्माण करवाया जाना है। इसके लिए 124 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय में भेजा गया है। - विजेंद्र शर्मा, एक्सईएन, मार्केटिंग बोर्ड।