संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। बीते दो दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार दोपहर बाद हुई हल्की बूंदाबांदी ने राहत दी है। बूंदाबांदी के कारण तीन डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही चली ठंडी हवा के कारण मौसम भी सुहावना हो गया।
बुधवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को पसीने से तरबतर किए रखा। दोपहर के बाद आसमान में घने काले बादल छा गए। इससे तेज बारिश होने की संभावना बनी, लेकिन धूल भरी आंधी चलने के बाद फिर से मौसम में बदलाव हो गया। इसके बाद हल्का बूंदाबांदी शुरू हो गई। देर शाम तक आसमान में काले बादल छाए रहे और ठंडी हवा से मौसम सुहावना बना रहा। बुधवार को सुबह अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि बूंदाबांदी के बाद तापमान गिर कर 33 डिग्री तक पहुंच गया। ऐसे में शाम को पार्क और बाजार में लोगों की आवाजाही भी बढ़ना शुरू हो गई। लोग मौसम का आनंद लेते हुए नजर आए।
कई गांवों में तेज बारिश होने से किसानों को मिला लाभ
शहर के आसपास स्थित कई गांवों में तेज बारिश होने से किसानों को इसका काफी लाभ मिला है। सावन में सिरसा में अभी तक केवल एक बार ही अच्छी बारिश हो पाई। हालांकि दोपहर बाद सिरसा के डिंग रोड, कालांवाली, डबवाली और अन्य कई क्षेत्रों में तेज बारिश होने से किसानों को इसका काफी लाभ मिला है।
अगले तीन दिनों तक बारिश होने की है संभावना
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 23 जुलाई तक बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बारिश होने के बाद किसानों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा। धान और नरमे की फसलों को अब पानी की अधिक आवश्यकता है। बारिश न होने के कारण धान में पानी की कमी होना शुरू हो चुकी है। वहीं बरानी क्षेत्रों में बारिश के सहारे ही नरमे अन्य फसलों को तैयार किया जाता है।