संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। बारिश थमने के बाद अब घग्गर नदी का जल स्तर गिरना शुरू हो गया है। रविवार को नदी में 23 हजार क्यूसेक से अधिक पानी पहुंच रहा था जो सोमवार को 18850 क्यूसेक पर आ गया था। मंगलवार को इसमें और कमी आने की संभावना जताई जा रही है। पानी कम होने से जिले वासियों व किसानों को राहत मिली है। हालांकि अभी तेजी से जलस्तर गिरने की उम्मीद जताई जा रही है।
सिरसा के ओटू हेड में अब 15,644 क्यूसेक पानी पहुंच रहा है। जिसके चलते किसानों को भी इसका काफी लाभ मिल रहा है। जिले के कई क्षेत्रों में अभी प्राप्त मात्रा में बारिश न होने से किसानों को खेतों की सिंचाई करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में ओटू हेड से निकलने वाली आठ नहरों में पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे किसान खेतों में धान और अन्य फसलों की सिंचाई कर रहे है। गुलाचिका में अब घग्गर का जलस्तर गिरकर 8532 तक पहुंच गया है। वहीं सरदूलगढ़ में सिरसा में 18,850 क्यूसेक पानी पहुंच रहा है। घग्गर में पानी कम होने के बाद ओटू का जलस्तर भी गिरना शुरू हो चुका है। ओटू हेड में 15, 644 क्यूसेक पानी पहुंच रहा है। वहीं गुलाचिका में जलस्तर गिरने के बाद मंगलवार को घग्गर का जलस्तर भी तेजी से कम होने की उम्मीद है। जिससे घग्गर नदी के आसपास के गांव व किसानों को काफी राहत मिलेगी।