सिरसा। उच्च अधिकारियों की फटकार और नोटिस जारी होने के बाद भी अनाज मंडियों में उठान का काम अभी भी धीमे चल रहा है। रविवार को भले ही गेहूं की बोली न होने के चलते ठेकेदारों ने गेहूं उठान कार्य करवाया हो। लेकिन जितना उठान उन्होंने रविवार को किया उससे दो गुणा गेहूं सोमवार को मंडियों में पहुंच गया। मौजूदा समय में हालात बेहद बदतर हैं।
अव्यवस्था के चलते किसान गेहूं को मंडियों से बाहर रखने को मजबूर हो गए हैं। मंडी के नजदीक जहां भी जगह आढ़ती उपलब्ध करवा रहे हैं, किसान वहीं पर गेहूं उतार रहे हैं। बोली के बाद कंडा लगाकर बाहर की बोरियों को भरवा रहे हैं। हालात यह बन चुके हैं कि उठान न होने के कारण तोलकर डाले गए गेहूं की बोरियों की सही से सिलाई नहीं हो रही है।
जिले में इस समय सरसों के लिए अनाज मंडियों सहित 14 खरीद केंद्र व गेहूं के लिए 70 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। अभी मंडियों में फिलहाल की गेहूं की आवक ज्यादा हो रही है। ऊपर से मौसम की स्थिति ठीक नहीं होने से किसानों और आढ़तियों को गेहूं खराब होने का डर सता रहा है। जिस तरह से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। उससे उनका डर और ज्यादा बना हुआ है। सरसों का उठान पूरा नहीं हुआ कि एकाएक मंडियों में गेहूं की आवक के कारण अनाज मंडियों में जाम जैसी स्थिति बनी हुई है। मजबूरन किसानों को अपनी गेहूं की फसल को अनाज मंडी के बाहर गेहूं उतारनी पड़ रही है।
सोमवार को भी अनाज मंडी में गेहूं की भारी आवक हुई। अनाज मंडियों में जगह न मिलने के कारण किसानों को जहां भी जगह मिली, वहीं पर अपनी गेहूं को उतारना आरंभ कर दिया। इस बार गेहूं की अच्छी आवक होने के चलते पिछले साल का रिकार्ड भी टूटने वाला है। अधिक गेहूं की आवक और उठान धीमा होने का असर यह है कि आढ़तियों व किसानों दोनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आढ़तियों की दुकानों के आगे बोरियों के बड़े-बड़े रैक बन गए हैं।
उपायुक्त आरके सिंह ने शनिवार को ही अधिकारियों की बैठक लेकर उठान का काम तेज करने के आदेश दिए थे। रविवार को अनाज मंडी में फसलों की बोली बंद थी तो उठान पर जोर तो दिया गया और ढाई लाख क्विंटल गेहूं व दो हजार क्विंटल सरसों का उठान भी हुआ, लेकिन जिले की अनाज मंडियों में अभी भी 20 लाख क्विंटल गेहूं पड़ा है और आवक लगातार जारी है। अनाज मंडियों में गेहूं की ढेरियों के तो पहाड़ बनने आरंभ हो गए हैं।
बोरियों से बिखरने लगा है गेहूं
अनाज मंडियों में गेहूं की बोरियां पिछले कई दिनों से उठान का इंतजार कर रही हैं। अनाज मंडी में आने जाने की जगह न होने के कारण लोग बोरियों ऊपर से चलकर इधर-उधर जा रहे हैं। जिससे हालात यह पैदा हो गए हैं कि बोरियाें की सिलाई उधड़ने लगी है और गेहूं नीचे बिखरने लगा है, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।
यह है सिरसा में खरीद व उठान की स्थिति
सरसों की अब तक कुल आवक : 12 लाख 88 हजार 375 क्विंटल
अब तक हुआ उठान : 9 लाख 64 हजार 146 क्विंटल
गेहूं की अब तक कुल आवक : 38 लाख 94 हजार 343 क्विंटल
अब तक हुआ उठान : 8 लाख 55 हजार 915 क्विंटल