हरियाणा के सिरसा में सिगरेट के फर्जी कारोबार के लिए जेसी इंटरप्राइजेज के नाम से फर्जी फर्म बनाकर सरकार को 30 लाख रुपये का चूना लगाने के मामले में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने आबकारी एवं कराधान विभाग के तत्कालीन डीटीसी जीसी चौधरी तथा तत्कालीन ईटीओ अशोक सुखीजा को गिरफ्तार किया है।
एसआईटी ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान दोनों आरोपियों से पूछताछ कर इस प्रकरण से जुड़ी तमाम जानकारी हासिल की जाएगी। इस संबंध में ईटीओ चाप सिंह की शिकायत पर 24 अक्टूबर 2020 को विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत शहर थाना सिरसा में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुख्य आरोपी महेश बंसल ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हरियाणा तथा राजस्थान में सिगरेट का फर्जी कारोबार दिखाकर सरकार को करीब 30 लाख रुपये का चूना लगाया था। इसके बाद महेश बंसल को पहले ही काबू कर लिया गया। मामले की जांच किए जाने के बाद संबंधित अधिकारी भी दोषी पाए गए थे। इन पर मामला दर्ज किया गया। महेश बंसल से पूछताछ किए जाने के बाद उसने कई अन्य नाम भी पुलिस के सामने बताए हैं।
प्रॉपर्टी की भी जांच करेेगी टीम
फर्जी फर्म बनाकर करोड़ाें का टैक्स चोरी करने के मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है। पुलिस ने पहले भी मामले से जुड़े आरोपियों की प्रॉपर्टी की जांच की थी। इसके बाद आरोपी व उसके परिवार के नाम पर खरीदी गई प्राॅपर्टी को अटैच करने को लेकर आदेश दिए थे। ऐसे में अब फिर से पुलिस आरोपी अधिकारियों की प्रॉपर्टी की जांच करेगी। जांच के बाद प्रॉपर्टी को अटैच करने की कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
एसपी बोले
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उदय सिंह मीना, एसपी, सिरसा।