संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में पार्किंग बनाने के लिए प्रशासन की ओर से चार साल से योजना तैयार की जा रही है। इस प्रोजेक्ट को निजी सार्वजनिक सहभागिता (पीपीपी) से पूरा करने की अनुमति मुख्यालय से मिल चुकी है। तीन बार निविदा होने के बावजूद नगर परिषद सरकारी स्कूल के खंडहर भवन को नहीं गिरवा सका। इसका नुकसान शहरवासियों को उठाना पड़ रहा है। प्रभावित लोगों ने एक सप्ताह बाद ही अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थगित करने संबंधी नगर परिषद के निर्णय पर भी सवाल उठाए हैं।
शहर के निजी अस्पताल और बैंकों में पार्किंग नहीं बनी है। इस कारण वहां आने वाले लोगों के वाहन सड़क पर ही रहते हैं। बाजारों में खरीदारी करने के लिए आने वाले चालकों को भी पार्किंग की जगह नहीं मिल पा रही है।
यह हैं हालात
बैंकों और अस्पतालों के बाहर बने फुटपाथ को ही संचालकों ने निजी संपत्ति समझ ली है। इसके लिए उन्होंने सार्वजनिक जगह पर लोहे की एंगल और संगली तक लगाई है ताकि अन्य व्यक्ति वहां पर वाहन खड़ा न कर सके और उनके आने–जाने के लिए रास्ता खाली रहे।
इसी कारण आम लोग बीच सड़क पर वाहन खड़े करने के लिए मजबूर हो जाते हैं। शहर का डबवाली और सरकुलर मार्ग दुकानदारों, बैंक और अस्पतालों के कब्जे में नजर आता है। वहां पार्किंग के लिए आम लोगों को जगह नहीं मिल पाती। ऐसे में शहरवासी रोड और शहर की मुख्य बाजार के साथ पड़ी खाली जगह पर अपने वाहनों को खड़ा कर रहे हैं।
-
बॉक्स
आंबेडकर चोक हो जाता है जाम
आंबेडकर चौक पास बहुमंजिली इमारतें बनी हैं। इनमें से दो बैंक चल रहे है। बैंकों के लिए बहुमंजिला भवनों में पार्किंग नहीं है। ऐसे में बैंक में आने वाले लोगों को बैंक के बाहर मुख्य सड़क पर ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं। इस कारण वहां दिनभर जाम लगता रहता है। वहां यातायात नियंत्रित करना पुलिसकर्मियों के लिए भी परेशानी का सबब बन गया है जबकि बैंक खोलते समय पार्किंग की जगह भी देखी जाती है। यह सुविधा बैंक में आने वाले हर उपभोक्ता के लिए जरूरी है।
-
शहर में इन स्थानों पर बनाए गए है पार्किंग स्थल
प्रशासन की ओर से शहर के सदर बाजार में स्थित सदर थाना के पुराने भवन, मोहंता मार्केट के साथ स्थित खंड शिक्षा अधिकारी के पुराने कार्यालय, डाकघर के समक्ष खाली पड़ी जगह और रोड़ी बाजार स्थित ट्रेड टावर मार्केट में पार्किंग स्थल चिह्नित किया है। हालांकि इन स्थानों को खाली करने और पार्किंग बनाने के लिए कोई भी कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
-कोट्स
बहुमंजिली पार्किंग बनाने की प्रक्रिया चल रही है। सरकारी भवन को तोड़कर गिराने के लिए जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
- प्रवीण शर्मा, जेई, नगर परिषद, सिरसा।
कोटस
नगर परिषद की ओर से सोमवार से नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस की मदद से भी यातायात व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जाएगा। सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे। - जयवीर सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक, सिरसा।