सिरसा। कायाकल्प अवॉर्ड योजना के तहत हिसार की तीन सदस्य टीम नागरिक अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए पहुंची। टीम ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू सेंटर, डायलिसिस सेंटर, मेडिकल स्टोर, गायनी वार्ड सहित लेबर रूम का निरीक्षण किया। पहले से टीम के आने की सूचना होने के बाद भी टीम को सफाई व्यवस्था, पार्किंग प्वाइंट, बायो वेस्ट, कमरों में सिलिंग, भवन की स्थिति खराब होने और अन्य कई प्रकार की खामियां देखने को मिलीं। जिसके बाद टीम ने कमियों को दूर किए जाने के निर्देश भी दिए है।
वहीं इस दौरान टीम सदस्य ने जब सफाई कर्मचारी के हाथों में दस्ताने पहने हुए देखे तो बोले क्या यह आपको पांच मिनट पहले ही मिले है। जिसके बाद सफाई कर्मचारी बोली हां जी। कायाकल्प अवॉर्ड योजना के तहत हिसार के नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार, आरएमओ डॉ. नीरज, आईसीएन डॉ. प्रोमिला टीम में रहीं। टीम ने दोपहर 12 बजे निरीक्षण शुरू किया। टीम ने सबसे पहले नागरिक के इमरजेंसी वार्ड में स्थित डायलिसिस सेंटर का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने सेंटर के मैनेजर और अन्य तैनात कर्मचारियों से मशीनों की प्रक्रिया, रिकॉर्ड और हाथ धोने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सेंटर में बंद पड़ी कार्डिफ मॉनिटर संबंधित जानकारी मांगी और उसके इस्तेमाल को लेकर प्रक्रिया पूछी। जिसके बाद कर्मचारियों ने उसे चलाने की जानकारी न होने की बात कहीं। ऐसे में टीम सदस्यों ने कंपनी से नई मशीन मंगवाने और उसे चलाने संबंधित ट्रेनिंग लेने की भी बात कहीं। इसके पश्चात टीम ने नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की स्थिति जांची। इमरजेंसी वार्ड के शौचालय, रूम, मरीजों संबंधित रजिस्टर को भी जांचा। इस दौरान सफाई व्यवस्था में सुधार करने, बायो वेस्ट के लिए रखे हुए डिब्बों में सही प्रकार से वेस्ट डालने की भी बात कहीं। वहीं आईसीयू वार्ड में भी टीम को कई प्रकार की कमियां देखने को मिली। जिसके बाद टीम ने उनका सुधार किए जाने की बात कहीं। इसके पश्चात टीम ने नागरिक अस्पताल की ओपीडी के भवन को जांचा। भवन की स्थिति खस्ता होने के कारण टीम सदस्य ने चिंता भी व्यक्त की। वहीं टीम ने नागरिक अस्पताल के भवन में स्थित मेडिकल स्टोर की स्थिति को जांचा। मेडिकल स्टार में रखी हुई दवाइयों की तिथि की जांच की। जिसके बाद फार्मासिस्ट से दवाइयों के बारे में भी काफी समय तक बातचीत करते रहे।
गायनी वार्ड में सफाई व्यवस्था को सुधारने के निर्देश, भवन में कई जगह आई सिलिंग
नागरिक अस्पताल के गायनी वार्ड में निरीक्षण के दौरान टीम को काफी कमियां देखने को मिली। इस दौरान टीम ने सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं भवन के कई कमरों में सिलिंग आने व छत टपकने, कूड़ेदान सही जगह पर पाए जाने सहित अन्य कई प्रकार की कमियां देखने को मिलीं।
सामान्य दिनों से बेहतर दिखी सुविधा, भवन के जर्जर स्थानों पर लगाए गए फ्लैक्स
नागरिक अस्पताल के भवन की स्थिति जर्जर हो चुकी है। ऐसे में कायाकल्प टीम के आने की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में पहले से काफी बेहतर सुविधाएं देखने को मिली। नागरिक अस्पताल के सामान्य दिनों में इमरजेंसी वार्ड में स्ट्रेचर, व्हील चेयर, बेड पर चादर, सफाई व्यवस्था बेहतर दिखी। वहीं इमरजेंसी भवन के बाहर गार्ड और कर्मचारी भी तैनात दिखे। कर्मचारी बार बार सफाई करते हुए दिखाई दिए। हालांकि इमरजेंसी वार्ड में एक सफाई कर्मचारी के हाथों में दस्ताने देख अधिकारी ने उससे इनके बारे में भी पूछ लिया। वहीं नागरिक अस्पताल के भवन में जिस स्थान पर बड़े छेद हो रहे वहां पर फ्लैक्स लगे हुए दिखाई दिए। इस दौरान टीम के साथ नागरिक अस्पताल के डॉ. पवन कुमार, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. अमनदीप सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया गया। पार्किंग प्वाइंट, वार्डों में सफाई व्यवस्था, अस्पताल के कमरों में सिलिंग और छत से पानी टपकने संबंधित कुछ खामियां मिली है। सफाई व्यवस्था बेहतर करने और भवन में चल रहे मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
-डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार, टीम इंचार्ज, कालाकल्प योजना।
डायलिसिस सेंटर में पड़ी मशीन संबंधित जानकारी लेते टीम सदस्य ।- फोटो : Sirsa