सिरसा। नागरिक अस्पताल में डिलीवरी के बाद बच्चा गायब होने के आरोपों को लेकर अब अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की ओर से मामले की जांच की जाएगी। मेडिकल कॉलेज की ओर से चिकित्सकों के एक बोर्ड का गठन किया गया है। जो महिला की डिलीवरी होने या न होने से संबंधित जांच करेगा। जिसके पश्चात पूरे मामले की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने डिलीवरी के बाद रिकॉर्ड गायब करने व बच्चा गायब करने के डॉक्टरों पर आरोप लगाए थे। शुक्रवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी के मुख्य गेट के समक्ष पीड़ित परिवार ने धरना लगा दिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने डॉक्टर सहित सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं पीड़ित महिला प्रवीन कौर निवासी डबवाली ने बताया कि डॉक्टर कह रहे हैं की उसकी अस्पताल में डिलीवरी नहीं हुई और न ही वह गर्भवती थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में दाखिल रहने के बाद भी उनका कोई भी रिकॉर्ड तक नहीं है। सब कुछ गायब कर दिया गया है। अगर वह गर्भवती ही नहीं थी तो विभाग की ओर से उसे गर्भवती संबंधित इंजेक्शन किस कारण लगाए गए। उसका पूरा रिकॉर्ड भी आंगनबाड़ी में दर्ज है। छह मई से वह अस्पताल में एडमिट है। लेकिन डॉक्टरों ने उसका रिकॉर्ड तक गायब कर दिया है। जिसके कारण उन्हें मजबूर होकर नागरिक अस्पताल के बाहर बच्चे के लिए धरना देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर उन्हें अब पागल भी बता रहे हैं।
सीएमओ से मिले पीड़ित के परिजन
नागरिक अस्पताल में प्रदर्शन करने के बाद सीएमओ डॉ. मनीश बांसल ने उनकी मांग सुनी। जिसके पश्चात अब अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के बोर्ड की ओर से मामले की जांच किए जाने को लेकर परिजनों ने सहमति जताई है। वहीं पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत सिरसा की जेजे कॉलोनी चौकी में दी है। ऐसे में जांच अधिकारी और पीड़ित महिला, उसका पति व उनकी सास को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भेजा है। यहां पर महिला का मेडिकल किया जाएगा और डिलीवरी संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की डिलीवरी हुई है या नहीं इसकी पुष्टि होने की संभावना है।
महिला के पूरे रिकॉर्ड की जांच की गई है। महिला न तो अस्पताल में दाखिल हुई है और न ही उसकी अस्पताल में डिलीवरी हुई है। मामले को अब सीएमओ देख रहे है। उनकी तरफ से परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत की जा रही है।
- डॉ. संदीप गुप्ता, पीएमओ, नागरिक अस्पताल सिरसा ।
महिला को डिलीवरी संबंधित जांच के लिए अग्रोहा मेडिकल भेजा गया है। मेडिकल कॉलेज के बोर्ड की ओर से मामले की जांच की जाएगी। परिवार की ओर से शिकायत दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- कृष्ण कुमार, जेजे कॉलोनी चौकी, कार्यकारी इंचार्ज।