ओढां। चोरी का एक आरोपी ओढां पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसे देर रात तक खेतों में खोजती रही, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा।
पुलिस ने गांव जलालआना के गुरभगत सिंह की शिकायत पर उसके घर से ग्वार चोरी के आरोप में निम्मा सिंह व एक अन्य के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी निम्मा सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया। बुधवार को शाम करीब साढ़े 5 बजे हेड कांस्टेबल अमनदीप सिंह व पुलिसकर्मी निजी गाड़ी में आरोपी निम्मा को डबवाली अदालत में पेश करने बाद सिरसा जेल में छोड़ने जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक रास्ते में गांव मिठड़ी के पास निम्मा सिंह ने बाथरूम जाने का कहकर कर रुकवा ली। पुलिसकर्मियों ने जब आरोपी को गाड़ी से नीचे उतारा तो वह उन्हें चकमा देकर खेतों में फरार हो गया। इसके बाद पुलिसकर्मी कुछ देर तक तो आरोपी को खोजते रहे और फिर थाना प्रभारी को सूचना दी। सूचना के बाद थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद डीएसपी, सीआईए तथा अन्य स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है। संवाद