कालांवाली। क्षेत्र में पिछले दस दिनों में छह से ज्यादा चोरियां हो चुकी हैं। इन चोरियों के आरोपियों का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा सकी है। चोरी के केस में ढिलाई देख एसपी सुमेर सिंह ने वीरवार रात को कालांवाली चौकी प्रभारी एसआई कृष्ण कुमार का तबादला ओढ़ां थाने में कर दिया। इसके साथ ही 15 और कर्मचारियों के तबादले में भी किए गए हैं। हालांकि कृष्ण कुमार ने 29 फरवरी को सेवानिवृत्त हुए चौकी प्रभारी ओमप्रकाश के बाद ही कार्यभार संभाला था। अब गोरीवाला से आए एएसआई सत्यदेव शहर पुलिस चौकी प्रभारी का कार्यभार संभालेंगे।
इस प्रकार हुई चोरियां
1. 29 फरवरी को गली जंडवाली से हंसराज के घर से चोर करीब 40 तोले सोने के जेवरात और लगभग साढ़े 3 लाख रुपये चोरी कर ले गए थे। इसी दिन उनके पड़ोसी भूषण जैन के घर से चोर करीब एक लाख रुपये और एक तोले सोने की बालियां चुराकर ले गए थे। 29 फरवरी के दिन ही गली गुरदत्त वाली में अनिल जैन के घर से चोर एक लैपटाॅप और गल्ले से करीब 3 हजार रुपये चुराकर ले गए थे।
2. 2 मार्च को चोर जंगीर सिंह कॉलोनी से मास्टर गुरतेज सिंह के मकान का गेट तोड़कर घर में रखे करीब 11 तोले सोने के आभूषण और करीब सवा लाख रुपये चुराकर ले गए थे।
3. 5 मार्च को चोर मास्टर कॉलोनी से ही चोर गुरप्रीत सिंह सोनी निवासी वार्ड 10 के घर से लगभग 4 सोने की अंगूठी, दो सोने की चेन, एक तीन तोले का लेडिज सेट व करीब 15 हजार रुपये के कैनेडियन डॉलर चुराकर ले गए थे। इसी दिन चोर उनके पड़ोसी राज सिंह मिस्त्री के घर से करीब 4 तोले सोना, 20 तोले चांदी के आभूषण और करीब 20 हजार रुपये चुराकर ले गए थे। वहीं तीसरे घर से चोर छत का गेट तोड़ने के अलावा चोरी करने में असफल रहे थे।