सिरसा। प्रदेश में कई जिलों में टोल टैक्स बढ़ाए गए है लेकिन सिरसा के भावदीन और खुईयां मलकाना टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों से अभी नाम मात्र बढ़ा हुआ टैक्स लिया जा रहा है। छोटे वाहनों के पांच रुपये और बड़े वाहनों के 15 रुपये अधिक ही लिए जा रहे है। हालांकि जिन वाहन चालकों ने वाहन पर फास्टैग नहीं लगवाया उन वाहन चालकों से दोगुना राशि वसूली जा रही है।
करीब एक वर्ष बाद खुले टोल टैक्स से गुजरने वाले वाहनों को अब टैक्स का भुगतान करना पड़ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में टोल टैक्स बढ़ने के मामले सामने आ रहे है। लेकिन सिरसा के टोल टैक्स की दरें अभी वर्ष 2020 की रखी गई है। बिना फास्टैग से गुजरने वाले वाहन चालकों से दोगुना किराया वसूलने के विरोध में अब किसानों ने सरकार से वाहन चालकों को एक माह का अवसर दिए जाने की अपील की है। ताकि वह एक माह के भीतर फास्टैग लगवा सके और उन्हें अधिक जुर्माना न देना पड़े। वहीं किसानों का कहना है कि सरकार अगर उनकी अपील का स्वीकार नहीं करती तो वह फिर से सरकार का विरोध करने को मजबूर होंगे।
वाहन चालकों का इस तरह लगा रहा है टैक्स
वाहन, पहले की दर, अब की दर, फास्टैग, बिना फास्टैग
कार: 60, 65, 65, 130
एलसीवी: 90, 100, 100, 200
डबल एक्सएल: 190, 200, 200, 400
हैवी व्हीकल: 325, 335, 335, 670
पंजाब में टोल टैक्स बढ़ने पर 20 को रेल बंद
पंजाब में टोल टैक्स बढ़ने के विरोध में किसान जत्थेबंदियों के कई संगठनों ने 20 दिसंबर को रेल बंद किए जाने का ऐलान किया है। जिसका प्रभाव सिरसा सहित कई जिलों पर देखने को मिलेगा। हालांकि हरियाणा के किसानों ने अभी इसके संबंध में किसी तरह का कोई ऐलान नहीं किया। किसान नेता लखविंद्र सिंह औलख और प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने कहा कि पंजाब में कई जत्थेबंदियों की ओर से रेल बंद का ऐलान किया गया है। लेकिन जब तक संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से कोई कॉल नहीं आती हरियाणा के किसान दूसरे कार्यक्रमों में भाग नहीं लेंगे।
जिले में अभी टोल टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। बीते वर्ष का ही टैक्स लिया जा रहा है। दरों में नाम मात्र ही बढ़ोतरी हुई है। फास्टैग न लगवाने वाले वाहन चालकों से दोगुना टैक्स लिया जा रहा है। जिन वाहनों पर फास्टैग लगा है उनसे दरों के अनुसार ही टैक्स लिया जा रहा है।
-नसीब चहल, मैनेजर, टोल टैक्स भावदीन