फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: विद्यार्थी अब साल में दो बार दे सकेंगे माध्यमिक कक्षा की परीक्षा

Fri, 19 Apr 2024 11:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
विज्ञापन
सिरसा। परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थी अब माध्यमिक कक्षा की परीक्षा दूसरी बार भी दे सकेंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2023-24 से माध्यमिक व माध्यमिक-सह-पूर्व माध्यमिक वार्षिक परीक्षा वर्ष में 2 बार आयोजित करवाने का निर्णय लिया है। वहीं, बोर्ड ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व मुख्याध्यापकों को जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं। शिक्षा बोर्ड के निर्णय के बाद पहली परीक्षा के परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थी अब दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन

हालांकि ऐसे विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन करना होगा। अब तक फरवरी-मार्च में एकल परीक्षा आयोजित की जाती रही है, लेकिन अब दूसरी परीक्षा का आयोजन जून-जुलाई में होगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में विद्यार्थियों को एक ही वार्षिक परीक्षा के अवसर की उपलब्धता इसे एक उच्च दांव वाली परीक्षा बना देती है। इस एकल परीक्षा से विद्यार्थियों के मन में चिंता व दबाव की स्थिति उत्पन्न होती है। इस दबाव से मुक्ति के दृष्टिगत राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में निहित उद्देश्य को मूर्त रूप देने के आशय से शैक्षिक सत्र 2023-24 से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा इस बोर्ड से संबद्धता प्राप्त प्रदेश के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में माध्यमिक कक्षा एवं गुरुकुलों में माध्यमिक-सह-पूर्व मध्यमा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की वर्ष में 2 बार वार्षिक परीक्षा का आयोजन करवाने का निर्णय लिया गया है।



जून में हो सकती हैं दूसरी परीक्षा

हरियाणा शिक्षा बोर्ड द्वारा सामान्य तौर पर फरवरी-मार्च में एकमात्र वार्षिक परीक्षा का आयोजन करवाया जाता रहा है। अब इस एकल वार्षिक परीक्षा को इस वर्ष से दोहरी करते हुए दूसरी परीक्षा का आयोजन संबंधित वर्ष के जून-जुलाई में करवाया जाएगा।
विज्ञापन




विद्यार्थी इच्छा अनुसार परीक्षा का चुन सकते हैं विकल्प

माध्यमिक कक्षा में अध्ययनरत कोई भी परीक्षार्थी अपनी सुविधानुसार अध्ययन किए गए सभी विषयों की परीक्षा एकमुश्त प्रथम या द्वितीय वार्षिक परीक्षा के तहत दे सकता है या अपने विषयों को बांटकर प्रथम व द्वितीय परीक्षा में प्रविष्ट हो सकता है। इसके अतिरिक्त प्रथम परीक्षा में अपने प्रदर्शन से संतुष्ट न होने पर परीक्षा द्वितीय वार्षिक परीक्षा के अंतर्गत पुन: दे सकता है। जून-जुलाई में आयोजित करवाई जाने वाली इस परीक्षा को द्वितीय वार्षिक परीक्षा के नाम से जाना जाएगा। द्वितीय वार्षिक परीक्षा में स्वयंपाठी परीक्षार्थी के रूप में प्रविष्ट होने के लिए संबंधित परीक्षार्थी द्वारा अलग से पंजीकरण करना अनिवार्य है।



फेल होने वाले भी कर सकते हैं आवेदन

जिन परीक्षार्थियों का माध्यमिक कक्षा का परीक्षा परिणाम प्रथम वार्षिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहता है या कंपार्टमेंट घोषित किया गया है तो ऐसे सभी परीक्षार्थी द्वितीय वार्षिक परीक्षा में स्वयंपाठी परीक्षार्थी के रूप में आवेदन कर सकेंगे। द्वितीय वार्षिक परीक्षा के कारण एक अतिरिक्त परीक्षा अवसर की उपलब्धता होने व समय की अल्पता के दृष्टिगत जुलाई माह में आयोजित की जाने वाली एक दिवसीय परीक्षा को इसी शैक्षिक सत्र अर्थात जुलाई-2024 से ही निरस्त कर दिया गया है।

-शिक्षा निदेशालय की ओर से इस मामले में पत्र प्राप्त हुआ है। विद्यार्थी अगर अपने परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, तो वह साल में दूसरी बार भी परीक्षा दे सकते हैं।
विज्ञापन

-ज्ञान सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें