सिरसा। जिला के राजकीय विद्यालयों में पिछले एक सप्ताह से दाखिला प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान राजकीय कॉलेजों में अभी तक विद्यार्थियों ने दाखिला लेने में कोई खास रुचि नहीं दिखाई है। राजकीय महिला व राजकीय नेशनल महाविद्यालय में अभी तक विभिन्न कोर्सों की 2790 सीटों पर 492 आवेदन आए हैं। जबकि आवेदन करने के लिए सिर्फ पांच दिन शेष हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने 19 जून से जिला के सभी राजकीय महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया शुरू की थी। जिसके उपरांत जिला मुख्यालय के मुख्य कॉलेजों में अभी तक विद्यार्थियों ने ज्यादा अच्छी रुचि नहीं दिखाई है। वहीं अब दाखिला के लिए सिर्फ 5 दिन बाकी है। वहीं इसी दौरान इस बार विद्यार्थी साइंस कोर्स में ज्यादा रुचि नहीं दिखा रहे। हर साल की भांति इस बार भी विद्यार्थी बीए में ज्यादा आवेदन कर रहे हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर बीकॉम में सबसे ज्यादा आवेदन आए हैं। दोनों काॅलेजों के मिलाकर 102 आवेदन बीकॉम में आए हैं।
5 जुलाई को लगेगी पहली मेरिट लिस्ट
जिला के सभी कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन 28 जून तक होंगे। इसी के साथ विद्यार्थियों के दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन भी कॉलेजों द्वारा आवेदन प्रक्रिया के साथ ही किया जा रहा है। 30 जून तक ऑनलाइन दस्तावेजों की जांच कॉलेजों द्वारा की जाएगी। विभिन्न कोर्सों की मेरिट सूची 5 से 21 जुलाई तक लगाई जाएगी। जिसके बाद 20 जुलाई तक विद्यार्थियों को फीस जमा करवानी होगी। जिसके बाद 21 जुलाई को ओपन काउंसिलिंग के दौरान दाखिले किए जाएंगे।
इस प्रकार आए हैं आवेदन
राजकीय महिला महाविद्यालय
कोर्स का नाम, कुल सीटें, अब तक आवेदन
- बीए 430, 142
- बीकॉम 160, 43
- साइंस 80, 6
- नॉन मेडिकल 160, 12
- बीसीए 120, 10
- बीबीए 40, 8
-
राजकीय नेशनल महाविद्यालय
- बीकॉम, 240, 59
- बीएससी , 80, 13
- नॉन मेडिकल 80, 28
- बीए 1120, 167
- बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स 40, 4
- बीए इवनिंग 240, 0
-
वर्जन
राजकीय नेशनल कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया 19 जून से शुरू हो चुकी है। 28 जून तक यूजी कोर्सों के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अब तक विभिन्न कोर्सों में 271 ने आवेदन आ चुके हैं।
- डॉ. विवेक गोयल, नोडल अधिकारी दाखिला, राजकीय नेशनल कॉलेज, सिरसा।
राजकीय महिला महाविद्यालय एक ऐसा कॉलेज है जिसमें पहली बार रोजगार उन्मुख कोर्स शुरू हुआ है। इस सत्र में बीसीए, बीबीए व बीए कंप्यूटर नए कोर्स शुरू हुए। जिसके बाद कॉलेज को विद्यार्थियों को अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है। वहीं अब तक कॉलेज में दाखिले के लिए 221 आवेदन आए हैं। 28 जून तक दाखिला प्रक्रिया चलनी है।
- डॉ. प्रदीप कुमार, नोडल अधिकारी दाखिला, राजकीय महिला महाविद्यालय सिरसा।