संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। आज प्रदेश विकास की पटरी से उतर गया है। यह सरकार की विफलता है। हरियाणा जो विकास में नंबर वन हुआ करता था, वह आज बेरोजगारी, भ्रष्टाचार में नंबर वन बन बन गया है। देश में सबसे ज्यादा नशा हरियाणा और पंजाब में बिक रहा है। यह बात राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को अपने ग्रामीण दौरे के दौरान कही।
दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को गांव मंगाला, जीवन नगर व संत नगर में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की। गांव संत नगर के कार्यक्रम में विशाल वर्मा के साथ कांग्रेस नेता लखा सिंह किलेवाला ने अपना सहयोग दिया। गांव मंगाला में सांसद दीपेंद्र हुड्डा के पहुंचने पर कांग्रेस ओबीसी सेल के पूर्व चेयरमैन विशाल वर्मा, कृष्ण चेयरमैन व छिंदा बाजीगर ने पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया। हुड्डा ने कहा कि विशाल वर्मा कांग्रेस पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता है। राज्य सभा के सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने ग्रामीणाें को 24 दिसंबर को सिरसा में होने वाली किसान मजदूर जन आक्रोश रैली के लिए निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों ने अपनी जान दी थी। सरकार ने किसानों के साथ एमएसपी को लेकर कानून बनाने सहित अन्य मुख्य मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ किए उन वादाें से मुकर गई है। दो साल का समय बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। सांसद ने कहा कि कांग्रेस किसानों की शहादत को बेकार नहीं जाने देगी और इस गूंगी बहरी सरकार को सत्ता से उखाड़ कर ही दम लेगी। इस मौके पर कांग्रेस नेता डॉ. केवी सिंह, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, विधायक शीशपाल केहरवाला, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, रामानंद प्रधान, शंकर करडवाल, केहर सिंह कंबोज मौजूद रहे।