सिरसा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने के लिए मुख्यालय की ओर से एक वर्ष पहले मंजूर किए गए 27 सब सेंटरों का काम कछुआ की चाल से चल रहा है। एक वर्ष में केवल पांच भवनों की ड्राइंग ही तैयार हो पाई है। छह केंद्रों के भवन के लिए अभी तक तो जगह तलाश करने का काम चल रहा है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
15वें फाइनेंस कमीशन वर्ष 2021-22 में जिला स्वास्थ्य विभाग को मुख्यालय ने ग्रामीण क्षेत्रों में 27 सब सेंटरों के नए भवन बनाने की अनुमति दी थी। प्रत्येक भवन पर साढ़े 55 लाख रुपये की लागत आनी थी। मंजूरी मिलने के बाद मुख्यालय ने करीब 9 करोड़ 99 लाख की राशि भी जारी कर दी है। इसके बावजूद अब तक भवनों के लिए एक ईंट तक नहीं लग पाई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने 21 सब सेंटरों के लिए ग्रामीण क्षेत्राें में जगह का चयन कर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को भवन तैयार करने का कार्य सौंपा गया है। छह सब सेंटरों की जमीन का चयन अब तक नहीं हो पाया है। वहीं, दूसरी तरफ पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने अब तक पांच सब सेंटरों की ही ड्राइंग तैयार की है।
14 करोड़ 98 लाख के खर्च से बनाए जाने हैं सभी सब सेंटर
स्वास्थ्य विभाग के अधिक सब सेंटर सरकारी या किराए के भवनों में चलाए जा रहे हैं। सरकारी भवन जर्जर होने और जगह की कमी के चलते कई सेंटरों के निर्माण के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा था। इसके बाद सेंटरों के निर्माण की मंजूरी मिली। जिले के 27 सब सेंटरों पर 14 करोड़ 98 लाख का खर्च होना है।
जिले के इन गांवों में बनाए जाने है सब सेंटर
गांव चोरमार, धिंगतानियां, केलनियां, नटार, रसूलपुर, सलारपुर, मौजदीन, बालासर, बाहिया, सुल्तानपुरिया, वैदवाला, अबूबशहर, छतरियां, बनवाला, बिज्जूवाली, पंजुआना, फरवाईं कलां, राजपुरा, फिरोजाबाद, पक्का, थिराज, फग्गू, मांगेआना, तिगड़ी, सावंत खेड़ा, रघुवाना, अलीकां में सब सेंटर बनाए जाने हैं।
नागरिक अस्पताल के 200 बेड के भवन के लिए भी नहीं मिली जगह
दो वर्ष पहले सरकार ने सिरसा के नागरिक अस्पताल के 100 बेड के भवन को ही 200 बेड का घोषित कर दिया गया था। इसके साथ ही नए भवन को तैयार करने की मंजूरी मिली थी। दो वर्ष बीतने के बाद भी नए भवन के लिए प्रशासन जगह का चयन नहीं कर पाया है। अब पुराने भवन की मरम्मत पर ही दो करोड़ की राशि जारी खर्च की जाएगी, परंतु अब तक इस काम के लिए भी टेंडर ही नहीं लग पाया है। इस कारण एक बेड पर दो मरीजों को दाखिल करने की आवश्यकता पड़ रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित 27 सब सेंटरों के नए भवन तैयार करने की मंजूरी मिली थी। इसमें से 21 के लिए जगह का चयन हो गया है। भवनों के निर्माण का कार्य पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से किया जाना है। - डॉ. राजेश चौधरी, उप सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल सिरसा ।
27 सब सेंटरों में से पांच सब सेंटरों की ड्राइंग तैयार कर ली गई है। अधिक सेंटरों की जगह का चयन भी हो गया है। टेंडर लगाने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - कमलदीप राणा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, सिरसा ।