संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जनस्वास्थ्य विभाग सीडीएलयू के समक्ष स्थित डिस्पोजल से केलनियां ट्रीटमेंट प्लांट तक छह किलोमीटर लंबी 26 इंची सीवर लाइन डालेगा। इस पर करीब छह करोड़ रुपये की लागत आएगी। सीवर लाइन डलने के बाद क्षेत्र की 10 कॉलोनियों को पानी निकासी की समस्या का हल होगा। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद काम शुरू करवाया जाएगा।
शहर के हिसार रोड पर स्थित खैरपुर, गुरुनानक नगर, जीटीएम कॉलोनी, एडीसी कॉलोनी, डीसी कॉलोनी, एमसी कॉलोनी, बांसल कॉलोनी, राम कॉलोनी, शहीद भगत सिंह कॉलोनी सहित अन्य कई कॉलोनियों का पानी खैरपुर स्थित डिस्पोजल और सीडीएलयू के समक्ष स्थित डिस्पोजल में एकत्र होता है। इसके बाद इन डिस्पोजल का पानी सीवरेज लाइन के माध्यम से केलनियां गांव स्थित ट्रीटमेंट प्लांट में डाला जाता है। पानी अधिक होने और लाइन की क्षमता कम होने के कारण यहां पर सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है।सीडीएलयू के समक्ष स्थित खाली पड़ी जगह पर सीवर का पानी बहता रहता है। इससे आने जाने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। सीडीएलयू के साथ स्थित कृषि विभाग की काफी भूमि में भी 12 महीने सीवर का पानी जमा रहता है। ऐसे में समस्या से निजात के लिए करीब तीन वर्ष पहले जन स्वास्थ्य विभाग ने प्लान बनाकर नई सीवर लाइन डालने को लेकर एस्टीमेट तैयार किया था, जिसका अब विभाग ने टेंडर लगाकर अलॉटमेंट भी कर दी है। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद ठेकेदार सीवर लाइन डालनी शुरू कर देगा। इससे शहर के हिसार रोड और बरनाला रोड की कॉलोनियों में रहने वाली 40 हजार की आबादी को सीवरेज समस्या से निजात मिलेगी।
पहले ऊंचाई के अनुसार पानी की होती थी निकासी, अब लगाए जाएंगे पंप
शहर में कई क्षेत्रों में ऊंचाई के अनुसार सीवर लाइन डाली गई है। ऐसे में अब सीडीएलयू के समक्ष स्थित डिस्पोजल पर पंप लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से पानी उठाकर पाइप लाइन में डाला जाएगा। इससे पहले के मुकाबले जल्दी पानी की निकासी होगी।
वर्जन
शहर के हिसार रोड और बरनाला रोड पर स्थित कॉलोनियों के सीवर का पानी सीडीएलयू के समक्ष स्थित डिस्पोजल में पहुंचता है। यहां से केलनियां तक नई बड़ी सीवर लाइन डाली जाएगी। इसके लिए टेंडर लगा दिया है। करीब छह करोड़ की लागत से लाइन डाली जानी है। जल्द ही लाइन डालने का काम शुरू होगा। - रोहताश कुमार, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग, सिरसा।