संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। युवाओं का ध्यान नशे से हटाने के लिए श्री गुरदेव चैरिटेबल ट्रस्ट संतनगर व ग्रामीणों ने सराहनीय पहल की है। स्टेडियम में छह बैडमिंटन कोर्ट बनाकर युवाओं को सौंप दिए गए हैं। इससे पहले स्टेडियम में दो बैडमिंटन कोर्ट थे।
ट्रस्ट के प्रधान हरपिंद्र सिंह कूका ने बताया कि डेरा जगमालवाली के गद्दीनशीन संत विरेंद्र सिंह ढिल्लों ने शनिवार को गांव में पहुंचकर स्टेडियम में खेल व्यवस्थाओं व बैडमिंटन कोर्ट का जायजा लिया। ट्रस्ट पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने फूलों से विरेंद्र सिंह ढिल्लों का स्वागत किया। हरपिंद्र सिंह कूका ने बताया कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए ट्रस्ट व ग्रामीणों की ओर से एक पहल की गई थी, जोकि अब धीरे-धीरे अपना रंग दिखाने लगी है। उन्होंने बताया कि 2020 से स्टेडियम में आने वाली महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस सेवा भी शुरू की गई है। कोच भी निशुल्क सेवाएं दे रहे हैं।
प्रधान ने बताया कि इस दौरान दिल्ली हाईकोर्ट के एडवोकेट परमिंद्र सिंह संधु ने स्टेडियम में महिलाओं व बच्चों के लिए एक वाटर कूलर भेंट किया। समाजसेवी छिंदा बराड़ ने शटल बॉक्स भेंट किया।
इस मौके पर विरेंद्र सिंह ढिल्लों ने श्री गुरदेव चैरिटेबल ट्रस्ट व ग्रामीणों की इस पहल को सराहनीय बताते हुए स्वागत योग्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कदम अगर सभी मिलकर उठाएं तो नशे का समाज से खात्मा किया जा सकता है। विरेंद्र सिंह ढिल्लों ने कहा कि स्टेडियम में उनकी तरफ से भी हर संभव सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर विरेंद्र सिंह ढिल्लों ने अनेक महिलाओं को सम्मानित भी किया। इस मौके पर जितेंद्र सिंह ढिल्लों, गुरमुख विल्खू, देवेंद्र काहलो, अमर सिंह, दिलबाग मल्ली, ज्ञान मान, कशमीर खीवा, भाग मुक्ता, जसवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।