सिरसा। शहर थाना क्षेत्र में चोरी करने वाले चोर गिरोह के पांच गुर्गों को कीर्तिनगर चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने सात जगह पर चोरी किए जाने की वारदात को कबूला है। चोरी करने के बाद मिले सोने को आरोपी कंपनी में जमा करवा उस पर लोन लेते थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर 50 हजार नकदी सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।
बता दे कि एक महीने में बेगू रोड एरिया की विभिन्न कॉलोनियों में 20 से अधिक चोरियां हो गई हैं। सोमवार को कीर्तिनगर चौकी पुलिस ने सूचना के आधार पर चार आरोपियों को काबू किया था। इनसे पूछताछ के बाद चारों आरोपियों ने सात जगह पर चोरी की वारदात को कबूला था और एक अन्य युवक भी वारदात में शामिल होने की जानकारी दी थी। आरोपियों की पहचान राजा निवासी सिरसा, अनमोल निवासी सुखसागर कॉलोनी, जसविंद्र उर्फ जानू निवासी प्रीतनगर, रवि निवासी कुसुंभी व ऐलनाबाद के वार्ड छह निवासी सतनाम उर्फ सत्तु के रूप में हुई है।
मजदूरी व कैटरिंग का करते थे काम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शादी में कैटरिंग का काम करते हैं। चारों आरोपी मेडिकल नशा करते हैं। नशे की पूर्ति के लिए बंद घरों में सेंधमारी कर नकदी व गहने चोरी करते थे। चारों आरोपी दिन के समय अथवा शाम को गलियों में रेकी करते और ऐसे घरों को चुनते जिनके ताला लगा होता।
10 तोले सोने कंपनी में जमा करवा लिया लोन
आरोपी एक साथ चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद नकदी को नशे के लिए तो सोने को कंपनी में जमा करवा उस पर लोन ले लेते थे। आरोपियों ने 10 तोले सोने पर करीब एक लाख रुपये का लोन लिया था। आरोपियों ने आईआईएफएल कंपनी में जमा करवा उस पर लोन ले लेते थे। पुलिस ने एक आरोपी को रिमांड पर लिया है, जबकि चार आरोपियों को जेल भेज दिया है ।
शहर में चोरी की वारदात करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर 50 हजार की नकदी सहित अन्य सामान भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने सात जगह पर चोरी की वारदात को कबूला है। जल्द ही अन्य सामान की रिकवरी की जाएगी। - शिलेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी, कीर्तिनगर, सिरसा ।