सिरसा। शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। पंचायत चुनाव के कारण लगी आचार संहिता हट गई है और विकास के रास्ते भी खुल गए हैं। जहां एक ओर 10 करोड़ रुपये की लागत से शहर के 31 वार्डों की 50 से ज्यादा गलियों का निर्माण कार्य होगा, वहीं दूसरी ओर एक करोड़ रुपये से खस्ताहाल पार्कों का भी सुधार किया जाएगा। नगर परिषद ने दोनों प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए सरकार के पास भेज दिए हैं। मंजूरी मिलते ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
नगर परिषद के पार्षदों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इस कारण शहर में विकास कार्य रुके हुए हैं। इसके अलावा नगर परिषद के पास बजट की भी कमी थी। ऐसे में सरकार ने 10 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। इसके बाद अधिकारियों ने शहर के सभी वार्डों की गलियों को बनाने की योजना तैयार की है। प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और इसमें 1 से 31 वार्डों की उन गलियों को शामिल किया गया है, जिन्हें नये सिरे से बनाने की जरूरत है। इन गलियों की सूची तैयार कर सरकार के पास भेज दी गई है। पंचायत चुनाव के कारण आचार संहिता लगी थी। ऐसे में नये काम शुरू नहीं हो पा रहे थे। लेकिन एक दिन पहले ही बुधवार को चुनाव आयोग ने सरकार को पत्र लिखकर उन जिलों से चुनाव आचार संहिता हटा दी है, जहां चुनाव हो चुके हैं। ऐसे में अब प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही टेंडर की प्रक्रिया नगर परिषद अधिकारी शुरू करेंगे। वहीं, शहर के खस्ताहाल पार्कों का भी सुधार हो सकेगा। इसके लिए अधिकारियों ने करीब एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें शहर के टाउन पार्क सहित अन्य पार्कों को शामिल किया है। करीब एक सप्ताह तक मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
इन गलियों और सड़कों की हालत है खराब
- नोहरिया बाजार, गोशाला रोड
- रानियां बाजार, रानियां रोड, सरकूलर रोड
- पुरानी कचहरी रोड, अनाज मंडी रोड, जनता भवन रोड
- बेगू रोड, चत्तरगढ़पट्टी एरिया
- खैरपुर, गोबिंद नगर, बरनाला रोड का कुछ एरिया
- रोड़ी बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, सदर बाजार, गीला भवन वाली गली
50 लाख रुपये से बनेगी भादरा पार्क की नई दीवार
भादरा पार्क के लिए भी सर्वे करवा लिया गया है। अधिकारियों ने टूटी दीवार को नए सिरे से बनाने और अन्य सुधार करवाए जाने की योजना तैयार की है। इसके लिए अलग से करीब 50 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
सड़कों की मरम्मत के लिए भी 25-25 लाख के दो टेंडर अलॉट
शहर की सड़कों की भी हालत खस्ताहाल है। ऐसे में डीसी के आदेश पर इन सड़कों की रिपेयर का काम भी करवाया जा रहा है। पूरे शहर की सड़कों की रिपेयर के लिए 25-25 लाख रुपये के दो टेंडर लगाए गए हैं। एक टेंडर चुनाव से पहले जारी कर दिया गया था जबकि दूसरा अब चुनाव आचार संहिता हटने के बाद जारी किया गया है।
प्रस्ताव भेज रखे हैं, मंजूरी मिलते ही शुरू करेंगे काम : एक्सईएन
नई गलियां बनाने, पार्कों के सुधार करने और अन्य कार्यों को लेकर प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। करीब 10 करोड़ रुपये गलियों के लिए, एक करोड़ रुपये पार्कों के लिए हैं। मंजूरी मिलते ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - प्रवीण दलाल, एक्सईएन, नगर परिषद, सिरसा।
गोशाला रोड की खस्ताहाल स्थिति। संवाद- फोटो : Sirsa