संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अमृत भारत योजना के तहत देशभर के 508 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के कार्य का रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल सिस्टम से बटन दबाकर शुभारंभ किया। इसमें सिरसा स्टेशन का नाम भी शामिल है। अब सिरसा स्टेशन का नाम अमृत भारत रेलवे स्टेशन सिरसा होगा। योजना में सिरसा लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले सिरसा व नरवाना रेलवे स्टेशन को शामिल किया गया है।
अमृत भारत योजना के तहत सिरसा स्टेशन के आधुनिकीकरण पर 16.9 करोड़ रुपये व नरवाना रेलवे स्टेशन पर 28 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग प्रवेश व निकासी द्वार, लैंडस्केप के साथ सर्कुलेटिंग क्षेत्र का विकास, टू-व्हीलर, फोर व्हीलर व ऑटो रिक्शा के लिए अलग-अलग पार्किंग, यात्री क्षमता के अनुसार पर्याप्त क्षेत्र में प्रवेश हॉल, प्लेटफार्म पर कोच की सही स्थिति जाने के लिए कोच इंडिकेशन बोर्ड, वेटिंग रूम की सुविधा, नए प्लेटफार्म शेल्टर का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही दिव्यांगजन की सुविधा के लिए टॉयलेट्स और वाटर बूथ की सुविधा, बेहतर फर्नीचर, एक प्लेटफार्म से दूसरे पर जाने के लिए 12 मीटर चौड़ाई का फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट का भी प्रावधान किया गया है।
कालांवाली, डबवाली व भट्टू रेलवे स्टेशन का भी जल्द होगा नवीनीकरण
योजना के शुभारंभ को लेकर सिरसा रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यातिथि सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिरसा लोकसभा क्षेत्र मेंं विकास कार्यों को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंंने कहा कि 15 अगस्त को अमृत महोत्सव का समापन होने जा रहा है, इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने यह विशेष तोहफा सिरसावासियोंं को दिया है। सांसद ने कहा कि सिरसा लोकसभा के दो रेलवे स्टेशनोंं को अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना मेंं शामिल किया गया है। शीघ्र ही कालांवाली, डबवाली व भट्टू रेलवे स्टेशन का भी इस योजना के अंतर्गत नवीनीकरण होगा। इस स्टेशनों का नाम भी योजना मेंं शामिल हो चुका है। इस मौके पर उपमहाप्रबंधक अनिल कुमार रैना, सहायक मंडल अभियंता आनंद स्वरूप रोहिल्ला, यातायात निरीक्षक अजय गौतम, स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार, वाणिज्य अधीक्षक उमेश कुमार वर्मा मौजूद थे।