जाट आंदोलन की आंच से रेलवे विभाग अभी तक सहमा हुआ है। ट्रैक पूरी तरह दुरुस्त होने के बावजूद परिचालन दुरुस्त नहीं हो पा रहा है। सिरसा से दिल्ली आने-जाने वाली दोनों ट्रेनों को सात मार्च से बढ़ाकर 14 मार्च तक रद कर दिया गया है। रेलवे की ओर से भेजे गए आदेश के अनुसार 15 मार्च से दोनों ट्रेनें नियमित समय पर चलेंगी।
जाट आंदोलन समाप्त हुए दो सप्ताह से अधिक समय हो चुका है। बिना कोई बाधा के सड़क मार्ग से बसों का आवागमन भी सामान्य हो गया है। परिवहन विभाग की सभी बसें नियमित रूप से दौड़ रही है। निजी वाहनों का आवागमन भी सामन्य है। रेलवे विभाग की कई ट्रेनों का परिचालन रेवाड़ी से बठिंडा, फिरोजपुर वाया सिरसा शुरू कर दिया गया है।
रेलवे ट्रैक पूरी तरह दुरुस्त है पर सिरसा से दिल्ली आने व जाने वाली दोनों ट्रेनों का परिचालन अभी भी बाधित है। इससे सैकड़ों यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सिरसा से आने व जाने वाली चार गाड़ियों का परिचालन शुरू नहंीं किया गया था। अब लुधियाना व हिसार जींद गाड़ी का परिचालन भी शुरू कर दिया गया है।
विभाग की ओर से पहले आदेश भेजे गए थे कि सात मार्च से दोनों ट्रेनें चलाई जाएगी। लेकिन अब दोनों ट्रेनों का परिचालन 14 मार्च तक रद कर दिया गया है। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि ये दोनों ट्रेनें दिल्ली से चलती हैं। यह दिल्ली के अधिकारियों का ही फैसला है।