स्वर्णकार संघ के प्रधान राजकुमार सोनी, सर्राफा एसोसिएशन व ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रधान मुकेश सर्राफ औा दुर्गा मंदिर स्वर्णकार ट्रस्ट के प्रधान सुरजीत सोनी के नेतृत्व में स्वर्णकारों की केंद्र सरकार की ओर सोने व हीरे के जेवरात पर एक्साइज ड्यूटी लगाने व पैन कार्ड अनिवार्यता के विरोध में जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन व सुभाष चौक पर दिया गया धरना तीसरे दिन भी जारी रहा।
सुभाष चौक पर दिए जा रहे धरने को बुधवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता होशियारी लाल शर्मा, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा के नेतृत्व में रिटेल शू मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान सोम सेठी, संरक्षक जयप्रकाश भोलसूरिया, तरसेम बजाज, होलसेल शू मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान रोशन लाल गोयल, किरयाणा एसोसिएशन के प्रधान सतीश शर्मा एवं मनोज गंभीर ने सभी पदाधिकारियों व सदस्य गणों के साथ समर्थन दिया।
कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि स्वर्णकारों के साथ सरकार ने अन्याय किया है, वह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी नेता हीरालाल शर्मा ने स्वर्णकारों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सोने व हीरे के जेवरात पर एक्साइज ड्यूटी लगाई गई, वह उचित नहीं है।
व्यापार मंडल सभी स्वर्णकारों के साथ है और सरकार के इस काले कानून का पुरजोर विरोध करता है। अगर सरकार के इस कानून को रद करने के लिए ठोस कदम उठाना पड़ा, तो व्यापार मंडल पीछे नहीं हटेगा। स्वर्णकार नेताओं राजकुमार सोनी व गजानंद सोनी ने कहा कि वित्तमंत्री ने बीते दिवस जो स्टेटमेंट दी है, वह उचित नहीं है। वित्त मंत्री कहते है कि यह कानून वापस नहीं होगा और यह कानून काले धन की पारदर्शिता के लिए है।
स्वर्णकार नेताओं ने कहा कि वित्त मंत्री को समझना चाहिए कि सरकार जनता के लिए होती है और न कि जनता को सड़कों पर लाने के लिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काले धन को 100 दिनों में वापस लाने की बात कहीं थी, क्या वे ऐसा कर पाए है। स्वर्णकार नेताओं ने मीडिया के माध्यम से सरकार से कहा कि अगर यहीं अच्छे दिनों की परिभाषा है, तो उन्होंने मोदी के नाम पर भाजपा को वोट देकर बड़ी गलती की है।
स्वर्णकारों ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर इस कानून को तुरंत प्रभाव से वापस न लिया, तो वे भूख हड़ताल पर भी बैठने से गुरेज नहीं करेंगे।
17 के हरियाणा बंद को दिया समर्थन
स्वर्णकार संघ, ज्वैलर्स एसोसिएशन, सर्राफा बाजार व स्वर्णकार समाज ने हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल द्वारा हरियाणा बंद का समर्थन किया है। स्वर्णकार संघ के प्रधान राजकुमार सोनी, ज्वैलर्स एसोसिएशन एवं सर्राफा बाजार के प्रधान मुकेश रस्तोगी तथा स्वर्णकार समाज सोनी धर्मशाला के प्रधान सुखविंद्र सोनी, दुर्गा मंदिर ट्रस्ट के प्रधान सुरजीत सोनी ने कहा कि जाट आरक्षण के दौरान हरियाणा में आगजनी व लूटपाट हुई थी, जिसकी वे निंदा करते है और व्यापार मंडल के 17 मार्च के प्रस्तावित हरियाणा बंद को पूर्ण रूप समर्थन देते है।