गांव थेड़ी मोहर सिंह में शनिवार की देर शाम गांव के समीप एक खाल में 9 फुट का अजगर मिला। सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली भारी संख्या में ग्रामीण अजगर को देखने के उमड़ पड़े। लोगों ने इसकी सूचना वनप्राणी संरक्षण विभाग सिरसा में दी। वन संरक्षण अधिकारी रविवार को अजगर लेने के लिए गांव में पहुंचे और अजगर को अपने साथ ले गए। थेड़ी मोहर सिंह निवासी मंगत सिंह व महताव सिंह ने गांव के समीप के पानी के खाल में एक अजगर को गांव की तरफ जाते हुए देखा। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए 9 फुट लंबे अजगर को पीछे से पकड़ लिया और उसे काबू करके उसे थैले में डाल दिया। जैसे ही ग्रामीणों को गांव में अजगर मिलने की बात पता चली तो अजगर को देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। देखते ही देखते भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने गांव में अजगर मिलने की सूचना वन संरक्षण विभाग सिरसा के अधिकारियों को दी। वन संरक्षण विभाग की और से कार्यकारी इंसपेक्टर देवेंद्र कुमार व संरक्षक परमजीत सिंह रविवार को सुबह गांव में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अजगर को अपने कब्जे में ले लिया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यहां से ले जाने के बाद उन्होंने अजगर को आबादी से दूर वन में छोड़ दिया।