भंगू में बस को रोक कर धरने पर बैठीं छात्राओं से बातचीत करते बडागुढ़ा थाना प्रभारी। संवाद
बडागढ़ा। बसों की कमी के चलते जिले में तीसरे दिन विद्यार्थियों ने धरना देकर रोष प्रदर्शन किया। बुधवार सुबह भीकालांवाली से सिरसा रूट पर स्थित गांव भंगू में छात्राओं ने रोडवेज बस को रोक दिया और उसके सामने बैठ गईं। मामले की सूचना मिलने के बाद बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी काशीराम मौके पर पहुंचे और बस को लेकर थाने पहुंचे। दो घंटे के इंतजार के बाद डिपो से डीआई दिनेश कुमार और टीआई राकेश कुमार ने आकर छात्राओं को सोमवार तक स्पेशल बस सर्विस देने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्राओं ने बस को सिरसा के लिए जाने दिया।
समाजसेवी गुरलाल भंगू ने बताया की बस रोके जाने के बाद ग्रामवासी भी बस स्टैंड पर विद्यार्थियों के समर्थन में पहुंच गए। उन्होंने स्पेशल रूट के लिए अलग बस सर्विस की मांग की। उन्होंने बताया कि सुबह आठ से साढ़े आठ बजे तक गांव के छात्र और छात्राएं स्कूल व कॉलेज जाने के लिए जब बस स्टैंड पर पहुंचते है। इस रूट की बसें पिछले गांवों से ही भर जाती है। कई छात्र तो अपनी जान जोखिम में डालकर खिड़कियों से लटक कर चले जाते हैं तो कई बाहर ही खड़े रह जाते हैं। विशेषकर छात्राओं को समय पर शिक्षण संस्थानों में पहुंचने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। इसके विरोध स्वरूप विद्यार्थियों ने बस को रोका है। मामले की सूचना मिलने के बाद बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी काशी राम और डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। छात्राओं ने कहा कि जब तक सिरसा बस डिपो से कोई उच्च अधिकारी आकर उनसे साथ बात नहीं करता वे बस को नहीं जाने देंगी। दो घंटे के इंतजार के बाद डिपो से डीआई दिनेश कुमार और टीआई राकेश कुमार ने आकर छात्राओं को सोमवार तक स्पेशल बस सर्विस देने का आश्वासन दिया और छात्राओं ने बस को सिरसा के लिए जाने दिया। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि सतनाम सिंह, बलकरण सिंह, लाभ सिंह, नवदीप सिंह, कीपा सिंह, नवदीप सिंह, जरनैल सिंह, जगतार खालसा, काका सिंह, कर्णदेव, शिशपाल सिंह, प्रकाश सिंह मौजूद रहे।