संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रोडवेज बेड़े में शामिल किलोमीटर स्कीम बसों को दी गई अलग पहचान अब गायब हो गई है। संतरी पट्टी के बिना बसें रोड पर दौड़ रही हैं। इस संबंध में रोडवेज महाप्रबंधक ने नोटिस जारी किया है।
मौजूदा समय में सिरसा डिपो में कुल 31 किलोमीटर स्कीम की बसें हैं। विभाग का नियम है कि किलोमीटर स्कीम की सभी बसों के सामने और पीछे मोटी संतरिया पट्टी लगानी है। इससे यात्रियों के साथ-साथ अन्य लोगों को भी किलोमीटर स्कीम की बसों की पहचान हो। बेड़े में शामिल 60 फीसदी बसों पर लगी हुई संतरी पट्टी हटा दी गई हैं।इन बसों में तैनात चालक अनुभवी नहीं होने के हादसे की संख्या भी बढ़ी है। पिछले माह इन बसों के कारण तीन हादसे हुए थे। इस मामले में रोडवेज यूनियन भी नाराजगी जाहिर कर चुकी है। हालांकि तीनों मामलों में बस चालकों पर लापरवाही से बसें चलाने का मामला दर्ज हुआ है। हालांकि इन मामलों में अभी तक पुलिस की ओर से कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। अब रोडवेज महाप्रबंधक ने संबंधित बस मालिकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस के माध्यम से महाप्रबंधक ने किलोमीटर स्कीम की बसों में संतरी पट्टी लगाने और अनुभवी चालकों को नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
यहां पर हो चुके हैं हादसे
बता दें कि बीते 20 अगस्त को फतेहाबाद से सिरसा की तरफ आ रही किलोमीटर स्कीम बस चालक ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। जिस पर सवार एक महिला व पुरुष की मौत हो गई।21 अगस्त की रात को एक रोडवेज की बस ने एयरफोर्स स्टेशन के पास कार को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में नेजाडेला निवासी कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं तीसरे मामले में बस स्टैंड के गेट पर खड़े एक व्यक्ति को किलोमीटर स्कीम बस ने अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में व्यक्ति की दोनों टांगे टूट गई।
बॉक्स
हादसा होने के बाद बदल दिया जाता है चालक
वहीं किलोमीटर स्कीम बस के साथ हादसा होने के बाद संबंधित ठेकेदार की ओर से चालक को बदल दिया जाता है और किसी अन्य चालक को उस पर सवार कर दिया जाता है। लेकिन अभी भी स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है।
वर्जन
किलोमीटर बस पर संतरी पट्टी लगाने और बस पर अनुभवी चालक रखने को लेकर नोटिस दिए गए हैं। जिन बसों पर संतरी पट्टी हटी हुई है उसकी जांच भी की जाएगी। - शेर सिंह, रोडवेज महाप्रबंधक, सिरसा डिपो ।