सिरसा। दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने कंप्यूटर सेंटर संचालक से लाखों रुपये हड़प लिए। इतना ही नहीं दुबई पहुंचने के बाद पीड़ित संचालक को काफी यातनाएं सहनी पड़ी। कालांवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कालांवाली के वार्ड 4 निवासी निर्मल कुमार का मंडी कालांवाली में कंप्यूटर सेंटर है। निर्मल कुमार का कहना है कि उसके पड़ोस में हन्नी की दुकान है। एक दिन निर्मल ने हन्नी से कहा कि वह विदेश जाना चाहता है। इस पर हन्नी ने उसकी मुलाकात गोविंद सिंह निवासी गांव तारूआना से कराई। गोविंद ने निर्मल से कहा कि वह उसकी दुबई में नौकरी लगवा देगा। वीजा लगाने में एक लाख 10 हजार रुपये खर्चा आएगा। वहां पर तुमको कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाई जाएगी। वेतन भी लाखों रुपये में होगा।
इस पर निर्मल का कहना है कि वह गोविंद की बातों में आ गया और रुपये देने के लिए राजी हो गया। गोविंद ने निर्मल से यह भी कहा कि अगर तुम्हें काम नहीं दिलाया गया तो तुझे तेरे रुपये वापिस कर दिए जाएंगे और इंडिया वापसी की टिकट भी दी जाएगी।
दुबई पहुंचने पर पता चला झूठ का
निर्मल का कहना है कि उसने गोविंद को 18 सितंबर 2023 को 28 हजार रुपये दिए। फिर 26 सितंबर 2023 को 32 हजार रुपये दिए। इसके बार 2 अक्तूबर 2023 को 50 हजार रुपये दिए। इसके बाद जब गोविंद और रुपयों की मांग करने लगा तो निर्मल ने उसे कहा कि मुझे विदेश नहीं जाना है, मेरे पैसे वापस कर दो। इस पर गोविंद ने उसे कहा कि ठीक है मुझे एक दिन का समय दो। इसके बाद गोविंद ने निर्मल की दुबई की टिकट बुक करा दी और 14 अक्तूबर 2023 को अमृतसर हवाई अड्डे से दुबई भेज दिया। निर्मल का कहना है कि दुबई पहुंचने के कुछ दिनों बाद गोविंद की सारी बातें झूठी निकली। जिस जगह पर उसे रखा गया वहां उसे ऐसा खाना दिया गया जो खाने लायक नहीं था। निर्मल से दुबई भेजने से पहले कहा था कि उसे वहां पर कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करना होगा और उसे 25 हजार रुपये वेतन मिलेगा। लेकिन वहां पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।
सोने की तस्करी करने का डाला दबाव
निर्मल ने गोविंद को फोन करके ये सारी बात बताई तो उसने कहा कि हम इसी तरह लोगों को बेवकूफ बनाकर विदेश भेजते हैं। निर्मल ने गोविंद से वापसी की टिकट मांगी तो उसने दुबई मेें रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर भेज दिया। निर्मल वहां पहुंचा तो उक्त रिश्तेदार ने उसे कहा कि हम तुझे स्वदेश की टिकट दिला देते हैं, लेकिन तुम्हें हमारा सामान इंडिया लेकर जाना होगा। निर्मल ने पूछा क्या सामान लेकर जाना होगा। उसने कहा 15 लाख रुपये का सोना लेकर जाना होगा। इस पर उसने इन्कार कर दिया।
इन्कार करने पर पासपोर्ट छीन लिया
निर्मल का कहना है कि जब उसने मना कर दिया तो उसका पासपोर्ट छीन छीन लिया। इस पर किसी तरह उसने गोविंद से संपर्क किया तो उसने कहा कि हमारी कोई जिम्मेदारी नहीं है, अगर ज्यादा परेशानी है तो खुद टिकट करवा कर लौट आ। इस पर वह किसी तरह वहां से भारत लौटा।
पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज
दुबई में नौकरी भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में कालांवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।