डबवाली में सोने के कंगन लेकर फरार होने मामले की जानकारी देते बुजुर्ग महिला कमलेश रानी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा, डबवाली। सिरसा में बदमाशों ने खुद को सिक्योरिटी कर्मी और डबवाली में पुलिसकर्मी बताकर महिलाओं के सोने कंगन और चेन की छीनने की वारदात को अंजाम दिया। दोनों वारदात में पुलिस ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
केस 1. पहले मामले में तीन बदमाशों ने सिरसा के हिसार रोड स्थित खैरपुर चौकी के पास गुरुनानक नगर निवासी सोनू पत्नी गौरव से सोने की चेन और हाथों में पहले कंगनों की छीनने की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता महिला सोनू ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे घर से हुडा चौक हिसार रोड की तरफ स्कूटी पर जा रही थी। जब वह हुडा चौक से थोड़ा पीछे थी तो बाइक के साथ खड़े दो युवकों ने उसे रोक लिया। उक्त दोनों युवकों ने मुंह पर मास्क लगाया हुआ था और गले में आई कार्ड डाले हुए थे। उक्त युवकों ने कहा कि वह सुरक्षाकर्मी हैं। आपने सोने की चेन और दोनों हाथों में सोने के जो कड़े पहन रखे हैं उन्हें उतार कर अपनी स्कूटी में रख लें। ऐसे में उनकी बात मानते हुए उसने कड़े और सोने की चेन स्कूटी की डिग्गी में रख दी। इतने में वहां पर एक अन्य युवक और पहुंच गया। उक्त लड़के ने उसके कान पर हाथ लगाया तो उसने उसे डांट दिया। इतने में उक्त युवकों ने उसे बातों में लगा लिया और एक युवक ने मौका देखकर डिग्गी में रखे सोने के कड़े और चेन निकाल लिए और फरार हो गए। जब वह घर लौटी तो उसने स्कूटी की डिग्गी खोलकर देखी तो उसके सोने के आभूषण गायब मिले। वहीं पीड़ित महिला ने बताया कि सोने के आभूषणों की वजन करीब सवा छह तोले था। वहीं महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है, जिसमें उसने तीन आरोपी युवकों के अलावा एक अन्य युवक के शामिल होने का भी अंदेशा जताया है। इस पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला
केस 2. दूसरे मामले में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वार्ड 17 की बुजुर्ग महिला कमलेश रानी जलाभिषेक करने के लिए मंदिर गई थी। जहां पर दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि उनकी शहर थाना पुलिस की ओर से ड्यूटी लगाई गई है कि महिलाओं के साथ कोई भी चोरी या छीनाझपटी की घटना न कर सके। उन युवाओं ने सुरक्षा का हवाला देते हुए बुजुर्ग महिला के हाथों में डाले 6 तोले सोने के कंगन लिफाफे में उतार कर डालने की बात कही। जिस पर दोनों बदमाशों के बहकावे में आकर बुजुर्ग महिला ने अपने सोने के कंगन उतार कर लिफाफे में डाल दिए, लेकिन दोनों बदमाशों ने चालाकी के साथ लिफाफे में डाले गए कंगन बदल दिए और असली सोने के कंगन लेकर फरार हो गए। वहीं बुजुर्ग महिला ने जैसे ही शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के बाद मंदिर से बाहर आकर लिफाफे में रखे दोनों सोने के कंगन को पहनने के लिए लिफाफे को खोला तो वह हैरान रह गई, क्योंकि उस लिफाफे में डाले गए चारों कंगन नकली थे। पीड़ित महिला ने बताया कि दोनों ही बदमाशों ने उसे पुलिस का आई कार्ड व टोपी भी दिखाई थी और खुद को शहर के ही पुलिसकर्मी बता रहे थे।
दोनों शिकायत के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बदमाशों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-सत्यवान शर्मा, शहर थाना प्रभारी, डबवाली