संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ग्रुप-सी की स्क्रीनिंग परीक्षा के लिए बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों का सफर सुहाना रहा। रोडवेज अधिकारियों की उम्मीद के अनुरूप आधे से भी कम परीक्षार्थी बस स्टैंड पर मुफ्त सफर के लिए पहुंचे। इसकी वजह से किसी भी रूट की बस पर कोई मारामारी नहीं दिखी। आधे से ज्यादा परीक्षार्थियों ने रोडवेज की बसों के बजाय अपने निजी वाहनों से जाना उचित समझा।
रविवार अलसुबह सिरसा से अलग-अलग जिलों में केवल नौ बसें ही परीक्षार्थियों को लेकर रवाना हुई। करीब 500 अभ्यर्थी व उनके परिजन बसों के माध्यम से परीक्षा केंद्र पर पहुंचे है। सोमवार की परीक्षा के लिए अलसुबह 29 बसें रोडवेज की ओर से रिजर्व रखी गई है।
सरकार की ओर से सीईटी के अभ्यर्थियों को रोडवेज की बसों में फ्री में सफर करवाने का ऐलान किया गया था। रविवार को 1135 परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए जाना था। इनके लिए रोडवेज ने 21 बसों को रिजर्व रखा था। इसके बावजूद करीब 56 प्रतिशत परीक्षार्थी निजी वाहनों परीक्षा केंद्र तक पहुंचे। रोडवेज की बसों में करीब 500 अभ्यर्थी व उनके परिजनों ने परीक्षा केंद्र तक सफर किया। बस स्टैंड के लिए पंचकूला के लिए दो, करनाल के तीन, कुरुक्षेत्र के लिए दो, पानीपत के लिए व हिसार के लिए एक बस रवाना हुई है। परीक्षार्थी न आने के कारण अन्य बसों को अलग-अलग रूट पर भेज दिया गया। सोमवार को भी 1451 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों में जाएंगे। इनके लिए परिवहन विभाग ने 29 बसों को रिजर्व में रखा है।
वर्जन
रविवार अलसुबह बसों को समय के अनुसार रवाना किया गया। सभी बसें परीक्षा केंद्रों के बस स्टैंड पर पहुंची हैं। सुबह कम अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पहुंचे हैं। इसके कारण केवल नौ बसों का ही रवाना किया गया। -शेर सिंह, रोडवेज महाप्रबंधक सिरसा डिपो ।