सिरसा। शिक्षा विभाग के बुनियाद कार्यक्रम का शेड्यूल जारी हो गया है। जिले में बुनियाद लेवल - 3 की परीक्षा 18 अप्रैल को होगी। जिसके बाद विद्यार्थी ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भाग लेंगे। बुनियाद लेवल - 3 में कुल 278 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। जिन्होंने पहले दो परीक्षाएं उत्तीर्ण कर ली है।
शहर के राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय अनाज मंडी में बुनियाद लेवल - 3 की परीक्षा और ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सबसे पहले विभाग की ओर से विद्यार्थियों की परीक्षा ली जाएगी। उसके बाद ओरिएंटेशन कार्यक्रम शुरू होगा। वहीं इसी के साथ परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण भी करवाया जाएगा। इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों के साथ विकल्प फाउंडेशन की टीम विद्यार्थियों को प्रेरित करेगी। वहीं अधिकारी अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों का मनोबल बढाएंगे। वहीं विकल्प फाउंडेशन की ओर से आई टीम विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद की पूरी जानकारी देगी।
बता दें कि 1492 विद्यार्थियों ने बुनियाद लेवल - 2 की परीक्षा दी थी। जिसमें 278 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की थी। अब ये विद्यार्थी बुनियाद लेवल - 3 की परीक्षा देंगे। लेवल-3 की परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थी जिले में बने बुनियाद केंद्रों पर कक्षाएं लगाएंगे। इस दौरान चयनित विद्यार्थी विकल्प संस्थान की ओर से प्रसारित किए गए लाइव व रिकॉर्डिड लेक्चर के माध्यम से पढ़ाई करेंगे।
जानिए क्या है मिशन बुनियाद
मिशन बुनियाद स्कूल शिक्षा विभाग, हरियाणा सरकार व विकल्प फाउंडेशन के माध्यम से राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को सक्षम व प्रशिक्षित करने के लिए शुरू किया गया नींव कार्यक्रम है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं जिला बुनियाद नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि बुनियाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ाना है। वहीं उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण की नींव डालना है। इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृति प्रतियोगिताओं जैसे एनटीएसई, किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना के लिए तैयारी करवाई जाती है। एनटीएसई परीक्षा एक छात्रवृति परीक्षा है । इसमें उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी पीएचडी तक छात्रवृति पाने के हकदार हो जाते हैं। किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरू व भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान में दाखिले के पात्र हो जाते हैं। इसके अतिरिक्त यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सुपर – 100 के चयन हेतु विद्यार्थियों को सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है ।
जिले में इन पांच केंद्रों पर विद्यार्थी ले रहे हैं कोचिंग
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डबवाली
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चोपटा
- पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय औढ़ा
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऐलनाबाद
ये मिलती हैं सुविधाएं
बता दें राजकीय विद्यालयों में 8वीं कक्षा में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी मिशन बुनियाद के लिए आवेदन कर सकते हैं l जो विद्यार्थी बुनियाद लेवल 1, 2 और 3 चरणों की परीक्षा उत्तीर्ण कर लेते हैं वही बुनियाद प्रोग्राम का हिस्सा बनते हैं और ये विद्यार्थी कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई सभी जिलों में स्थापित बुनियाद केंद्रों पर करते हैं l पूरे हरियाणा राज्य में कुल 103 बुनियाद केंद्र विभाग द्वारा स्थापित किये जा चुके हैं और सिरसा जिला में कुल 5 बुनियाद केंद्र स्थापित किये जा चुके हैं l बुनियाद कार्यक्रम हेतु चयनित विद्यार्थियों के लिए पठन पाठन सामग्री, वर्दी, यातायात सुविधा इत्यादि का प्रबंध विभाग द्वारा किया जा रहा है l
-
बुनियाद कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति परीक्षाओं की तैयारी करने का मौका मिल रहा है। यह शिक्षा निदेशालय का सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को ऊपर उठाने का एक बेहतरीन प्रयास है। जिले में 18 अप्रैल को लेवल - 3 की परीक्षा और ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। - ज्ञान सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा।