संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूलों में ड्यूल डेस्क की जानकारी देने के आदेश दिया है। सरकारी स्कूलों के मुखियाओं को 18 अक्तूबर तक जानकारी पोर्टल पर अपडेट करनी होगी।
पत्र में आदेश दिया गया है कि प्रदेश के सरकारी स्कूल, जिनमें काॅमन स्कूल, पीएमश्री स्कूल, आरोही स्कूल, मॉडल संस्कृति स्कूल, सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल से ड्यूल डेस्क के बारे में जानकारी मांगी गई है। इसमें कुल कितने ड्यूल डेस्क है, स्कूलों में उनकी कमी है या आवश्यकता से अधिक है सहित पूरी जानकारी पोर्टल पर देनी होगी।
विभाग की तरफ से निर्देश दिए गए हैं कि ऑनलाइन आवेदन पत्र केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। पोर्टल एमआईएस आधारित लॉगिन पर काम करेगा। अपना पासवर्ड/उपयोगकर्ता जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन आवेदन करें। अंतिम तिथि 18 अक्तूबर को रात 11.59 बजे के बाद प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
हेल्प डेस्क नंबर किया जारी
विभाग ने ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के संबंध में किसी भी तकनीकी कठिनाई के समाधान के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किया है। आवेदक एमआईएस हेल्प डेस्क नंबर 0172-5049801 पर कार्यदिवस पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कॉल कर सकते हैं। हेल्पलाइन से संपर्क करते समय एमआईएस स्कूल कोड को संभाल कर रखा जा सकता है। स्कूल आवेदन पत्र भरने के दौरान किसी भी त्रुटि की स्थिति में स्क्रीन शॉट ले सकते हैं ताकि मामले को हेल्प डेस्क के साथ उठाया जा सके।
शिक्षा विभाग की और से ड्यूल डेस्क को लेकर जानकारी मांगी गई है। सभी स्कूलों के मुख्य अध्यापकों व प्रधानाचार्यों को इसकी जानकारी दे दी गई है। - ज्ञान सिंह , जिला शिक्षा अधिकारी।