संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला पुलिस ने गैर कानूनी कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ शनिवार सुबह ऑप्रेशन आक्रमण चलाया। पुलिस की 33 टीमों ने मादक पदार्थ तस्करों, अवैध असलहा धारकों सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार कर सात मामले दर्ज किए हैं।
जिला पुलिस ने शनिवार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक अभियान चलाया। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत चार अभियोग दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 100 लीटर लाहन, साढे 8 बोतल शराब तथा 14 बोतल देसी शराब बरामद की। मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए है। पुलिस ने दो आरोपियों से 250 ग्राम अफीम, 5 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त बरामद की। जुआ अधिनियम के तहत एक अभियोग दर्ज कर 4200 रुपये की सट्टा राशि बरामद की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के अंदर तथा सीमावर्ती राज्य पंजाब व राजस्थान की ओर से प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन व व्यक्ति की चेकिंग की। अभियान के दौरान जिले के सभी शहरों, कस्बाें के चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध मार्गों पर नाकाबंदी व पैदल गश्त की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध एवं अपराधियों तथा गैर कानूनी धंधा करने वालों पर शिकंजा कसना है, ताकि आमजन अपने आपको सुरक्षित महसूस करें। भविष्य में भी अवैध धंधा करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। - विक्रांत भूषण, एसपी, सिरसा।