सिरसा। बीज कारोबारी से दिनदहाड़े पांच लाख रुपये लूटने वाले तीन आरोपियों का दूसरे दिन भी पुलिस कोई सुराग नहीं जुटा पाई। आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। वारदात स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस घटनास्थल और आसपास सक्रिय मोबाइल फोन का डाटा जुटा रही है। शहर थाना प्रभारी रमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। गांव बेगू निवासी जगदीश कुमार की जनता भवन रोड पर हरिओम बीज भंडार के नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह बैंक ऑफ इंडिया की बेगू रोड शाखा से अपने खाते से पांच लाख रुपये निकलवाकर बाइक से दुकान जा रहे थे। दोपहर 1:09 बजे जगदेव सिंह चौक पर ट्रैफिक के कारण उन्होंने बाइक धीमी की। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने हाथ से पांच लाख रुपये से भरा लिफाफा छीन लिया और भाग निकले थे। संवाद