सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर अब हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है।
डेरा प्रवक्ता जितेंद्र खुराना इंसा ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा के गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ जालंधर के पतारा पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर को रद्द करवाने के लिए पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई। बुधवार को उच्च न्यायालय ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है। इस मामले में अब अगली सुनवाई 30 मई को होगी। याचिका में कहा गया है कि डेरा प्रमुख ने 28 फरवरी 2016 को सत्संग के दौरान संत कबीर जी व संत रविदास जी से संबंधित एक साखी सुनाई थी। यह साखी इतिहास की कई विश्वसनीय धार्मिक पुस्तकों में दर्ज है। आज तक किसी ने भी इन धार्मिक पुस्तकों पर कोई आपत्ति नहीं की। शिकायतकर्ता ने जानबूझकर साखी के एक संक्षिप्त हिस्से को एफआईआर का आधार बनाकर पुलिस प्रशासन को भी गुमराह किया है। साखी में महान संत कबीर जी और संत रविदास जी की महिमा बताई गई है। प्रवक्ता ने कहा कि हमें माननीय उच्च न्यायालय पर पूरा विश्वास है कि हमें अवश्य न्याय मिलेगा।