रानियां। गांव गोबिंदपुरा व अभोली के समीप रोड का निर्माण अधर में लटकने को लेकर ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। मंगलवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया ओर धरने पर बैठ गए। जाम की सूचना पाकर थाना प्रभारी दिनेश कुमार व पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन संजय सबरवाल मौके पर पहुंचे। एक्सईएन ने ग्रामीणों को दो से तीन दिन के अंदर रोड बनवाने का आश्वासन दिया।
गांव गोबिंदपुरा से अभोली तक रोड का टुकड़ा उखाड़कर उसे पत्थर डाल कर छोड़ दिया गया है। यह टुकड़ा काफी समय से अधूरा पड़ा है। इसके चलते वाहन चालकों का यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। सड़क पर बिछे हुए पत्थरों की वजहों से वाहन के टायरों को नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस बारे में विभागीय अधिकारियों व ठेकेदार से कई बार आग्रह किया, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूरन उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। एक्सईएन संजय सबरवाल ने ग्रामीणों को बताया कि ठंड की वजह से काम रुका हुआ था। अब काम चालू हो गया है। ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं कि दो से तीन दिन के अंदर रोड को बनवा दें।