संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सरकारी की ओर से 72 घंटे में फसल खरीद की राशि जारी करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरित है। सरकार की ओर से एक सप्ताह पहले सरसों की एमएसपी पर खरीद बंद कर दी गई है, लेकिन अभी तक मात्र 50 फीसदी किसानों को सरसों की राशि जारी की गई है।
अभी तक सरसाें के 246 करोड़ रुपये हैफेड के पास बकाया है। गेहूं की भी अभी तक 1192 करोड़ रुपये की राशि एजेंसियों की ओर से जारी नहीं की गई है। इससे किसानों का परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले में हैफेड ने 81 फीसदी सरसों का उठान कर गोदामों में पहुंचाया दिया है।
सरकार की ओर से अब 15 मई तक ही गेहूं की खरीद करने लक्ष्य रखा गया है। इसके चलते अब तक 75 लाख 94 हजार 620 क्विंटल गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियों की ओर से की जा चुकी है। मंडियों में औसतन 73 फीसदी गेहूं का उठान पूरा हो चुका है। अभी तक फूड एंड सप्लाई, हैफेड और हरियाणा वेयर हाउस की ओर से 1192 करोड़ रुपये की राशि किसानों के खाते में नहीं डाली गई है। एजेंसियों ने अब तक 1146 करोड़ रुपये ही जारी किया गया है।
सरकार के आदेश पर हैफेड ने 30 अप्रैल तक ही सरसों की एमएसपी पर खरीद की है। इसके पश्चात एक मई को टोकन काटे गए और उनकी सरसों की खरीद छह मई को की। अभी तक 50 फीसदी ही किसानों को राशि जारी की गई है। जिले में अभी 246 करोड़ रुपये की राशि की गई है, जबकि 241 करोड़ रुपये जारी किए जाने शेष है।
गेहूं का 27 फीसदी और सरसों का 19 फीसदी उठान शेष
जिले में अब तक सरकार की ओर से 75 लाख 94 हजार 620 क्विंटल गेहूं की खरीद की है। जिसमें 56 लाख 08 हजार 900 क्विंटल गेहूं का उठान हो चुका है। जिले की मंडियों व खरीद केंद्रों में अब तक 19 लाख 85 हजार 720 क्विंटल गेहूं का उठान होना शेष पड़ा है। कई किसान करीब 15 दिन पहले गेहूं बेचकर गए थे। सरसों की अब तक 5 लाख 33 हजार 490 क्विंटल की खरीद एमएसपी पर हैफेड ने की है। जिसमें से 4.33 लाख क्विंटल सरसों का उठान हो चुका है। मंडियों में अब एक लाख क्विंटल के करीब सरसों का उठान होना शेष है।
इन एजेंसियों की ओर से की गई है गेहूं की खरीद
एजेंसी खरीद (क्विंटल) लंबित राशि जारी राशि (करोड़ में)
फूड एंड सप्लाई 1516600, 254.03, 251.25
हैफेड 4946640, 761.14, 729.06
एचडब्ल्यूसी 1176840, 177.35, 166.33
सरसों
एजेंसी खरीद लंबित राशि जारी राशि
हैफेड 533490, 246, 241
15 मई तक होगी गेहूं की एमएसपी पर खरीद
सरकारी ने गेहूं की खरीद के लिए 15 मई तक का लक्ष्य रखा है। इसके बाद सरकार की ओर से गेहूं की खरीद करने के निर्देश है। अभी तक खरीद की समय अवधि को बढ़ाने को लेकर कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं। जिन भी किसानों ने अभी तक गेहूं नहीं बेची है, वह किसान जल्द ही मंडियों में गेहूं को एमएसपी पर बेच सकते हैं।
वर्जन
सरसों की सरकारी खरीद बंद हो गई है। गोदामों में सरसों व गेहूं पहुंचने के साथ ही राशि को किसानों के खाते में डाला जा रहा है। शेष रही राशि भी जल्द ही जारी कर दी जाएगी। - मांगे राम, डीएम हैफेड, सिरसा ।