संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव मुसाहिबवाला बस स्टैंड के पास रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से घायल दूसरे 20 वर्षीय पवन निवासी दड़बी की भी मौत हो गई है। पवन चार बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते थे। इस मामले में पनिहारी निवासी अमनदीप की बीते दिन ही मौत हो गई थी। पुलिस ने पवन के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
बता दे कि गांव पनिहारी निवासी गुरमीत सिंह के साथ अमनदीप व गांव दड़बी निवासी पवन कुमार शादी में फोटोग्राफी करते थे। 23 अप्रैल देर रात को भूना में एक शादी समारोह में काम करके लौटते समय गांव मुसाहिबवाला के बस स्टैंड के निकट स्कोर्पियो ने उनके बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पनिहारी निवासी अमनदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुरमीत और पवन को काफी चोटें आई। मंगलवार रात्रि को उपचार के दौरान पवन की भी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। पुलिस ने घायल गुरमीत के बयान पर स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
परिजन बोले- स्कार्पियो चालक दूर तक घसीटते हुए ले गया था
मृतक पवन कुमार के परिजन प्रमेश लाली ने बताया कि पवन चार बहनों का इकलौता भाई था। आरोपी स्काॅर्पियो चालक काफी दूर तक बाइक को घसीटते हुए ले गया था। अगर चालक उन्हें सही समय पर इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचा देता तो उनके बच्चों की जान बच सकती थी। उन्होंने बताया कि अमनदीप और गुरमीत बाइक पर सवार पवन कुमार को दड़बी घर छोड़ने के लिए आ रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया।
हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। तीसरे घायल का अभी इलाज चल रहा है। घायल के बयान दर्ज कर स्काॅर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। - बनवारी लाल, सदर थाना प्रभारी, सिरसा।