सिरसा। नूंह में ब्रजमंडल की शोभायात्रा पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को कई संगठनों के लोग सड़कों पर उतर आए। संगठनों ने उपद्रवियों के खिलाफ रोष प्रकट किया और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियाें ने सीटीएम अजय सिंह को मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा।
बुधवार को बजरंग दल, हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य लघु सचिवालय के समक्ष शहीद स्मारक पार्क में एकत्र हुए। यहां पर उन्होंने बैठक के बाद प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय में पहुंचे। बजरंग दल के सुरेंद्र पूनिया ने बताया भारत में ही हिंदुओं पर हमला होना बेहद ही शर्मनाक है। ब्रजमंडल की यात्रा पर सरेआम गोलियां, पत्थर और पेट्रोल बंड दागे गए। उन्होंने मांग उठाते हुए कहा कि जो उपद्रवी इस पूरे प्रकरण में शामिल थे उनके ठिकानों को ध्वस्त किया जाए। उपद्रवियों पर एनएसए लगाया जाए, ताकि ऐसे लोगों को सबक मिल सके। मेवात में आतंकी साजिश व अवैध हथियारों वाहनों की सप्लाई की जांच की जाए और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जाए। नूह जिले में एक स्थायी रूप से अर्धसैनिक बल का बेस कैंप बनाया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती तो हिंदू समाज के लोगों को कोई कड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़े। इस मौके पर संजीव कुमार, जयपाल, पंकज, सुरेश पंवार, राजविंद्र कौर, संगीता रानी, बलराज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।